तमिलनाडु के तेनकासी जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मदुरै से सेनकोट्टई जा रही बस और तेनकासी से कोविलपट्टी की ओर जा रही बस आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई और 28 यात्री घायल हो गए। मृतकों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

 

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हादसा लापरवाही और तेज रफ्तार की वजह से हुआ। मदुरै से सेनकोट्टई जा रही बस का ड्राइवर ओवरस्पीड में गाड़ी चला रहा था और नियंत्रण खो बैठा। इसी कारण दोनों बसें सीधे भिड़ गईं।

 

टक्कर के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे जिन्हें बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। घायलों को इलाज के लिए 25 से अधिक एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

 

स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और हादसे की विस्तृत जांच जारी है।