बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार सुबह मुंबई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। कुछ दिन पहले उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी थी और परिवार ने बताया था कि वह घर पर रिकवर कर रहे हैं। हालांकि सोमवार दोपहर उनके घर से सिक्योरिटी के साथ एक एम्बुलेंस निकलते देखी गई, जिसके बाद उनके निधन की खबरें सामने आने लगीं। इसी बीच परिवार के सदस्य सीधे जुहू स्थित श्मशान घाट पहुंचते नजर आए।
इस दौरान हेमा मालिनी सफेद साड़ी में बेहद दुखी नज़र आईं, वहीं ईशा देओल और करण देओल भावुक दिखे। हालांकि सबसे ज्यादा ध्यान इस बात ने खींचा कि अभिनेता के निधन के कई घंटे बाद भी देओल परिवार ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
अब तक क्यों नहीं आया परिवार का ऑफिशियल स्टेटमेंट?
धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि और अंतिम संस्कार दोनों हो चुके हैं, लेकिन देओल परिवार की चुप्पी ने फैंस को हैरान कर दिया है। हाल ही में जब धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें फैली थीं, तो ईशा देओल और हेमा मालिनी ने तुरंत सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अफवाहों को खारिज किया था। एक वीडियो में सनी देओल मीडिया भीड़ देखकर नाराज़ होते भी दिखे थे। लेकिन इस बार परिवार बिल्कुल शांत है और लोग उनके आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं।
सनी देओल ने दी पिता को मुखाग्नि
विले पार्ले श्मशान घाट पर धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया, जहां बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। श्मशान घाट पर बॉलीवुड जगत की बड़ी हस्तियां पहुंचीं। अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन के साथ सलमान खान, अक्षय कुमार सहित कई सितारों ने उन्हें अंतिम विदाई दी और सोशल मीडिया पर भावुक श्रद्धांजलि भी दी।
90वें जन्मदिन से पहले विदा ले गए धर्मेंद्र
धर्मेंद्र जल्द ही 8 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे। परिवार उनकी ग्रैंड बर्थडे सेलिब्रेशन की तैयारी कर रहा था, लेकिन जन्मदिन से मात्र 15 दिन पहले उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
‘इक्कीस’ की रिलीज से पहले गए धर्मेंद्र
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ का पोस्टर भी उसी दिन रिलीज हुआ जिस दिन उनका निधन हुआ। पोस्टर देखकर फैंस की भावनाएं और उमड़ पड़ीं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा लीड रोल में हैं, जबकि धर्मेंद्र ने उनके पिता का किरदार निभाया है। फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होगी।
बॉलीवुड के हीमैन के निधन के बाद जहां पूरा देश शोक में डूबा है, वहीं सभी की निगाहें देओल परिवार द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।









