धर्मेंद्र के निधन के तीन दिन बाद हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर अपने दिल का दर्द बयां किया है। उन्होंने कई भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि धर्मेंद्र उनके लिए सब कुछ थे और उनके जाने से जो खालीपन आया है वह पूरी जिंदगी भर साथ चलेगा।
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के साथ अपनी एक तस्वीर साझा कर लिखा कि एक सार्वजनिक हस्ती के रूप में उनकी प्रतिभा, उनकी लोकप्रियता के बावजूद उनका विनम्र स्वभाव और उनका सार्वभौमिक आकर्षण उन्हें एक ऐसा अनोखा और अतुलनीय आइकन बनाता था जिसकी मिसाल शायद ही किसी दिग्गज में मिलती है। फिल्म इंडस्ट्री में उनकी कीर्ति और उपलब्धियां हमेशा याद रखी जाएंगी। अपनी निजी हानि को उन्होंने शब्दों से परे बताया और कहा कि अब वह सिर्फ यादों के सहारे उन खास पलों को बार बार जीएंगी।
उन्होंने धर्मेंद्र के साथ बिताए अपने कुछ यादगार पलों की तस्वीरें भी साझा कीं। दोनों की पहली मुलाकात 1965 में फिल्मकार ख्वाजा अहमद अब्बास की फिल्म आसमान महल के प्रीमियर पर हुई थी। हेमा ने एक शो में बताया था कि जब उन्होंने धर्मेंद्र को पहली बार देखा तो उनके मन में आया कि इतना हैंडसम इंसान उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। हालांकि धर्मेंद्र उस वक्त शादीशुदा थे और हेमा के घर भी काफी सख्ती थी लेकिन दिल पर किसी का बस कहां चलता है।
धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में हुआ। वह काफी समय से उम्र संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। 31 अक्टूबर को उन्हें पहली बार अस्पताल में भर्ती किया गया था और इसके बाद 10 नवंबर को दोबारा एडमिट किया गया। उन्हें दो दिनों तक वैंटिलेटर पर भी रखा गया था। 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था और परिवार ने बताया था कि वह रिकवर कर रहे हैं और डॉक्टर्स की निगरानी में हैं लेकिन 24 नवंबर की दोपहर अचानक उनके निधन की खबर आ गई।
धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार जल्दी में किया गया जिसके चलते कई फैंस उन्हें अंतिम बार देख भी नहीं पाए। उनके जाने से बॉलीवुड से लेकर देशभर में शोक की लहर है और लोग लगातार उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।









