पूरे 25 साल बाद फिल्म 'नायक-2' कन्फर्म हो चुकी है, अनिल कपूर इस फिल्म को को-प्रोड्यूस भी करेंगे और फिल्म में मुख्य किरदार के रूप में नजर भी आएंगे। फैंस उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोगों ने 25 साल पहले जितना प्यार फिल्म 'नायक' को दिया उतना ही प्यार 'नायक-2' को देने के लिए बेताब हैं। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि अनुल कपूर ने फिल्म निर्माता ए.एम. रत्नम से फिल्म के राइट्स खरीद लिए हैं। अब खबर आ रही है कि वे न केवल दीपक मुकुट के साथ फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं बल्कि वे फिल्म में लीड रोल भी निभाएंगे।

 

फिल्म निर्माता ए.एम. रत्नम का कहना है कि अनिल कपूर और वे साथ मिलकर फिल्म बना रहे हैं। हालांकि उन्होंने प्रोडक्शन शेड्यूल और कास्टिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं दी लेकिन ये कन्फर्म किया कि अनिल कपूर ही शिवाजी राव के मुख्य किरदार में नजर आने वाले हैं।

 


जल्द शुरू होगी 'नायक-2' की शूटिंग

 

दीपक मुकुट ने मीडिया को बताया कि फिल्म 'नायक-2' की शूटिंग पर काम चल रहा है, जल्द ही इस बारे में अनाउंसमेंट की जाएगी। बता दें फिल्म 'नायक' तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म 'मुधलवन' (1999) का हिंदी रीमेक है। फिल्म में अमरीश पुरी मुख्य खलनायक के रूप में देखने को मिलेंगे, रानी मुखर्जी, जॉनी लीवर और शिवाजी सतम भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 'नायक' 2001 में रिलीज हुई, ये फिल्म चौंकाने वाली इसलिए है क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही, लेकिन सालों बाद टेलीविजन पर इसके बार-बार दिखाए जाने से नायक एक कल्ट क्लासिक बन गई और लोगों ने इसे खूब सारा प्यार दिया।

 

आमिर-शाहरुख ने ठुकराई थी 'नायक'

 

साल 2021 में फिल्म नायक को रिलीज हुए 20 साल हुए थे तो अनिल कपूर ने खुलासा किया था कि इस फिल्म के लिए वे पहली पसंद नहीं थे। इससे पहले ये फिल्म दिग्गज अभिनेता आमिर खान और शाहरुख खान को ऑफर की गई थी। जब दोनों अभिनेताओं ने इस फिल्म को करने से मना किया तो अनिल कपूर को ये खास मौका दिया गया।