हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा खुश रहे, कॉन्फिडेंट बने और जिंदगी में आगे बढ़े। इसके लिए लोग अच्छी शिक्षा, अच्छे कपड़े और बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश करते हैं। लेकिन साईकोलॉजिस्ट्स का मानना है कि बच्चों की स्वस्थ परवरिश सिर्फ भौतिक सुविधाओं से पूरी नहीं होती। एक बच्चे के मानसिक और भावनात्मक विकास के लिए कुछ मूल जरूरतों का पूरा होना बेहद जरूरी होता है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार बचपन में मिलने वाला माहौल इंसान की पूरी जिंदगी को प्रभावित करता है। अगर किसी बच्चे की भावनात्मक जरूरतें पूरी नहीं होतीं तो इसका असर उसके आत्मविश्वास, रिश्तों और मानसिक स्वास्थ्य पर लंबे समय तक पड़ सकता है। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि स्वस्थ बचपन के लिए पांच ऐसी बुनियादी जरूरतें हैं जो हर बच्चे के विकास में बड़ा रोल प्ले करते हैं।
बच्चे को सुरक्षित महसूस होना सबसे जरूरी
विशेषज्ञों के मुताबिक किसी भी बच्चे की पहली और सबसे अहम जरूरत सुरक्षा की भावना होती है। बच्चा यह महसूस करना चाहता है कि उसका घर सुरक्षित है, उसके माता-पिता उसके साथ हैं और जरूरत पड़ने पर उसे सहारा मिलेगा। अगर घर में लगातार झगड़े, डर या अस्थिर माहौल हो तो बच्चे के मन पर गहरा असर पड़ सकता है। ऐसे बच्चे अक्सर चिंता, डर और असुरक्षा से जूझते हैं।
साईकोलॉजिस्ट्स का कहना है कि सुरक्षा सिर्फ शारीरिक नहीं बल्कि भावनात्मक भी होनी चाहिए। बच्चे को यह भरोसा होना चाहिए कि वह अपनी बात खुलकर कह सकता है और उसकी भावनाओं को समझा जाएगा।
प्यार और अपनापन भी है जरूरी
हर बच्चा चाहता है कि उसे प्यार मिले और वह अपने परिवार से जुड़ा हुआ महसूस करे। विशेषज्ञों के अनुसार जब बच्चे को बिना शर्त प्यार मिलता है तो उसका आत्मविश्वास मजबूत होता है। अगर बच्चे को बार-बार यह महसूस कराया जाए कि वह पर्याप्त अच्छा नहीं है या उसकी तुलना दूसरों से की जाए तो उसके मन में हीन भावना आ सकती है। आज की व्यस्त जिंदगी में कई माता-पिता बच्चों को समय नहीं दे पाते। लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि बच्चे के साथ बिताया गया समय, उसकी बातें सुनना और छोटी-छोटी उपलब्धियों की सराहना करना उसके भावनात्मक विकास के लिए बेहद जरूरी है।
बच्चे को अपनी पहचान बनाने की आजादी
विशेषज्ञों के मुताबिक बच्चों को अपनी पसंद, सोच और व्यक्तित्व विकसित करने की आजादी भी मिलनी चाहिए। कई बार माता-पिता अपनी इच्छाएं बच्चों पर थोपने लगते हैं। जैसे कौन-सा करियर चुनना है, क्या पहनना है या किस तरह व्यवहार करना है। लगातार नियंत्रण की वजह से बच्चा अपनी असली पहचान खो सकता है।
साईकोलॉजिस्ट्स मानते हैं कि बच्चों को निर्णय लेने के छोटे-छोटे मौके देने चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जिम्मेदारी समझना सीखते हैं। हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि बच्चे को पूरी तरह बिना दिशा के छोड़ दिया जाए। सही मार्गदर्शन के साथ स्वतंत्रता देना ज्यादा जरूरी माना जाता है।
भावनाओं को समझना और व्यक्त करना भी जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों को अपनी भावनाएं समझने और व्यक्त करने का मौका मिलना चाहिए। अक्सर बच्चों को यह कहकर चुप करा दिया जाता है कि 'रोते नहीं', 'डरते नहीं' या 'इतनी छोटी बात पर परेशान मत हो।' लेकिन इससे बच्चा अपनी भावनाएं दबाना सीख जाता है। साईकोलॉजिस्ट्स के मुताबिक अगर बच्चे को अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त करने दी जाएं तो वह मानसिक रूप से ज्यादा मजबूत बनता है। बच्चे को यह महसूस होना चाहिए कि उसकी भावनाएं महत्वपूर्ण हैं और परिवार उसे समझने की कोशिश कर रहा है।
लिमिटस् और डिसीप्लीन भी उतने ही जरूरी
विशेषज्ञ मानते हैं कि बच्चों को सिर्फ प्यार देना ही काफी नहीं है, बल्कि सही सीमाएं और अनुशासन भी जरूरी हैं। अगर बच्चे को हर चीज की पूरी छूट मिल जाए तो वह जिम्मेदारी और अनुशासन नहीं सीख पाता। वहीं बहुत ज्यादा सख्ती भी उसके मानसिक विकास को प्रभावित कर सकती है। साईकोलॉजिस्ट्स का कहना है कि संतुलित अनुशासन सबसे बेहतर होता है। बच्चे को नियमों के पीछे की वजह समझाई जानी चाहिए ताकि वह डर से नहीं बल्कि समझदारी से व्यवहार करना सीखे।
बचपन का असर पूरी जिंदगी पर पड़ता है
विशेषज्ञों के अनुसार बचपन के अनुभव इंसान की सोच, व्यवहार और रिश्तों को लंबे समय तक प्रभावित करते हैं। अगर किसी बच्चे को बचपन में लगातार आलोचना, उपेक्षा या असुरक्षा महसूस होती है तो बड़े होने पर उसे रिश्तों में भरोसा करने या आत्मविश्वास बनाए रखने में कठिनाई हो सकती है। वहीं जिन बच्चों को प्यार, सुरक्षा और समझ मिलती है, वे भावनात्मक रूप से ज्यादा स्थिर और आत्मविश्वासी बनते हैं।
सोशल मीडिया और बदलती लाइफस्टाइल का असर
आज के समय में बच्चों की परवरिश पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और व्यस्त जीवनशैली की वजह से परिवारों के बीच संवाद कम होता जा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि कई बच्चे डिजिटल दुनिया में ज्यादा समय बिताने लगे हैं, जिससे भावनात्मक जुड़ाव प्रभावित हो सकता है। इसी वजह से माता-पिता को बच्चों के साथ समय बिताने और खुलकर बातचीत करने पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी जाती है।
परफेक्ट पैरेंट बनना जरूरी नहीं
मनोवैज्ञानिक यह भी कहते हैं कि किसी भी माता-पिता के लिए हर समय परफेक्ट होना संभव नहीं है। जरूरी यह है कि बच्चा यह महसूस करे कि उसके माता-पिता उसकी परवाह करते हैं और उसे समझने की कोशिश कर रहे हैं।
छोटी-छोटी बातें जैसे बच्चे की बात ध्यान से सुनना, उसके साथ खेलना, उसकी भावनाओं को महत्व देना और उसे सुरक्षित महसूस कराना उसके मानसिक विकास में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
स्वस्थ बचपन से बनेगा मजबूत भविष्य
विशेषज्ञों का मानना है कि बचपन सिर्फ जिंदगी का एक छोटा हिस्सा नहीं बल्कि पूरे भविष्य की नींव होता है। अगर बच्चे की भावनात्मक जरूरतों को समझा जाए और उसे सुरक्षित, प्यार भरा और संतुलित माहौल मिले तो वह मानसिक रूप से मजबूत इंसान बन सकता है। इसीलिए बच्चों की परवरिश में सिर्फ पढ़ाई या सुविधाओं पर ध्यान देना काफी नहीं माना जाता। भावनात्मक जुड़ाव, समझ और सही मार्गदर्शन भी उतना ही जरूरी है।









