मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड में जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी ने एक बच्ची को जन्म दिया है। 24 नवंबर की शाम 6:50 बजे मेडिकल कॉलेज में उसकी नॉर्मल डिलीवरी कराई गई। यह वही तारीख है जिस दिन उसके पति सौरभ का जन्मदिन होता था, जिसकी हत्या के आरोप में मुस्कान जेल में है। बच्ची का वजन ढाई किलो बताया गया है और वह पूरी तरह स्वस्थ है।

 

मुस्कान पहले से एक बेटी की मां है, जो अपने नाना-नानी के साथ रहती है। मार्च 2025 में गिरफ्तारी के समय मुस्कान डेढ़ महीने की प्रेग्नेंट थी। अब बच्ची के जन्म ने सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि उसका पिता कौन है -पति सौरभ या प्रेमी साहिल।

 

सौरभ के बड़े भाई राहुल ने कहा कि परिवार बच्ची का DNA टेस्ट कराएगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि बच्ची सौरभ की हुई तो वे उसे अपनाएंगे, अन्यथा उससे कोई संबंध नहीं रखेंगे। डॉक्टरों के अनुसार मुस्कान अपनी बेटी के साथ लगातार बैठी है और बेहद खुश दिख रही है।

 

ज्योतिषी राहुल अग्रवाल ने बच्ची की कुंडली देखकर कहा कि वह साहसी, आत्मविश्वासी और जीवन में सफलता प्राप्त करने वाली होगी। धनु राशि में जन्मी इस बच्ची का नाम नक्षत्र के अनुसार ‘ढ’ अक्षर से रखने की सलाह दी गई है।

 

जेल में बंद मुस्कान के प्रेमी साहिल ने भी बच्ची के हाल के बारे में पूछताछ की और जेल स्टाफ ने उसे बताया कि मुस्कान ने बेटी को जन्म दिया है। चर्चा यह भी है कि मुस्कान ने बच्ची का नाम ‘राधा’ रखा है। जेल प्रशासन ने कहा है कि बच्ची छह वर्ष की उम्र तक मां के साथ जेल में रह सकती है।

 

जेल अधिकारियों का कहना है कि मुस्कान के परिवार की ओर से अब तक न तो अस्पताल में कोई आया और न ही जेल से संपर्क किया गया। इसलिए बच्ची की सभी ज़रूरतें जेल प्रशासन ही पूरा कर रहा है।

 

मेडिकल कॉलेज में मुस्कान को देखने वालों की भीड़ पहुंच रही है, जिसके कारण उसकी सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अस्पताल में उसके किसी परिजन के न पहुंचने से डॉक्टरों और पुलिस को ही सभी जिम्मेदारियाँ निभानी पड़ रही हैं।

 

यह पूरा मामला मार्च 2025 से सुर्खियों में है, जब मुस्कान और उसके बॉयफ्रेंड साहिल ने पति सौरभ की हत्या कर लाश को नीले प्लास्टिक के ड्रम में सीमेंट से भरकर छिपा दिया था। मुस्कान ने लोगों को गुमराह करने के लिए इंस्टाग्राम पर घूमने-फिरने की तस्वीरें और वीडियो भी पोस्ट किए थे। 17 मार्च को सौरभ के भाई ने घर पहुंचकर पुलिस को बुलाया और हत्या का राज खुला।

 

यह केस अब मेरठ की जिला जज कोर्ट में ट्रायल पर चल रहा है और अब तक 13 गवाहों की गवाही हो चुकी है।