आज के दौर में ज्यादातर युवा सरकारी नौकरी को ही सबसे सुरक्षित मानते हैं, लेकिन सच्चाई ये है कि कई बड़ी प्राइवेट मल्टीनेशनल कंपनियां (MNCs) ऐसी सुविधाएं और सैलरी देती हैं जिसे देखकर सरकारी नौकरी भी फीकी लगने लगती है। अच्छी कमाई, शानदार ऑफिस कल्चर, नई टेक्नोलॉजी पर काम करने का मौका और तेज तरक्की - इन वजहों से Microsoft, Google, Deloitte और KPMG जैसी कंपनियां आज युवाओं की पहली पसंद बन चुकी हैं।

 

माइक्रोसॉफ्ट - माइक्रोसॉफ्ट को दुनिया की सबसे भरोसेमंद टेक कंपनियों में गिना जाता है। यहां काम करने वाले लोगों को न सिर्फ बढ़िया सैलरी मिलती है, बल्कि वर्क-लाइफ बैलेंस भी बेहतरीन रहता है। भारत में यहां कर्मचारियों की सैलरी करीब 12 लाख से 50 लाख रुपये सालाना होती है, और विदेशों में ये पैकेज कई बार करोड़ों तक पहुंच जाता है। कंपनी की खास बात ये है कि वो कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव नहीं डालती। हाइब्रिड और फ्लेक्सिबल वर्क टाइमिंग के साथ-साथ रिमोट वर्क की भी सुविधा मिलती है। इसके अलावा परिवार के लिए मेडिकल कवर, जिम मेंबरशिप और कई वेलनेस प्रोग्राम भी दिए जाते हैं।

 

गूगल - गूगल का नाम सुनते ही दिमाग में एक रंग-बिरंगा, खुशहाल ऑफिस घूम जाता है। यहां काम करना सच में कई युवाओं का सपना होता है, और वजह है इसका शानदार वर्क एनवायरनमेंट। भारत में गूगल के कर्मचारियों की सैलरी 15 लाख से 60 लाख रुपये सालाना तक रहती है। कुछ खास टेक्निकल रोल्स में यह सैलरी 1 करोड़ रुपये तक भी जा सकती है। गूगल अपने कर्मचारियों को ऐसी सुविधाएं देता है जो किसी सरकारी नौकरी में मिलना मुश्किल है , जैसे ऑफिस में कैफे और स्नैक्स, गेम ज़ोन, फ्री इंटरनेट, फ्री हेल्थ चेकअप, स्पोर्ट्स एरिया, शानदार पेरेंटल लीव, ग्लोबल ट्रैवल और इंटरनल ट्रांसफर के मौके। गूगल का पॉजिटिव माहौल ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसकी वजह से यहां कर्मचारी लंबे समय तक जुड़े रहते हैं।

 

डेलॉइट - डेलॉइट एक ऐसी कंपनी है जहां हर नए कर्मचारी को सीखने और तेजी से आगे बढ़ने का मौका मिलता है। यहां शुरुआती सैलरी 8 लाख से 25 लाख रुपये सालाना तक रहती है। वहीं सीनियर पदों पर पैकेज 40 से 60 लाख रुपये तक पहुंच जाता है। कंपनी ग्लोबल ट्रेनिंग, ऑन-साइट प्रोजेक्ट्स, हाइब्रिड वर्क मॉडल, मेंटल हेल्थ सपोर्ट और स्किल अपग्रेडेशन पर खास ध्यान देती है। इसलिए इसे युवाओं के लिए करियर ग्रोथ का मजबूत प्लेटफॉर्म माना जाता है।

 

KPMG - KPMG दुनिया की सबसे बड़ी कंसल्टिंग और फाइनेंशियल कंपनियों में से एक है। यहां कर्मचारियों को अच्छी सैलरी तो मिलती ही है, साथ ही फाइनेंस और मैनेजमेंट की गहरी समझ भी विकसित होती है। यहां सैलरी 7 लाख से शुरू होकर 20–30 लाख रुपये सालाना तक जाती है। वहीं सीनियर मैनेजमेंट की कमाई 50 लाख रुपये से भी ऊपर पहुंच जाती है।