देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी, इंडिगो (IndiGo) को सरकार से बड़ी राहत मिली है जिससे बाद उम्मीद है कि अब जल्द ही यात्रियों की परेशानियां खत्म हो जाएंगी। पायलट और क्रू मेंबर्स की कमी के चलते लगातार कैंसल हो रही इंडिगो के फ्लाइट्स की वजह से यात्रियों का कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आज इंडिगो की 400 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल हुई है।

 

हालांकि अब राहत की खबर यह है कि Directorate General of Civil Aviation (DGCA) ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL)  से  जुड़े नए नियमों को वापस ले लिया है। पहले आदेश में पायलटों और बाकी क्रू मेंबर्स को हर 7 दिनों में लगातार 48 घंटे का आराम देना अनिवार्य था, लेकिन अब सरकार ने इस फैसले पर फिलहाल के लिए रोक लगा दी है।

 

DGCA के ताजा नियमों में वीकली रेस्ट और छुट्टियों को अलग रखने की बात कही गई थी। ये बदलाव इसलिए किए गए थे ताकि क्रू की थकान कम हो और उनके काम करने का माहौल बेहतर बने। लेकिन अब स्थिति पहले की तरह ही रहेगी , क्रू को हर 7 दिन में 36 घंटे का लगातार आराम मिलेगा।

 

इन नए नियमों के लागू होने की तैयारी के बीच इंडिगो पिछले चार दिनों से जबरदस्त क्रू शॉर्टेज से जूझ रही थी। नतीजा यह हुआ कि दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

 

देश के कई एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की हालत बेहद खराब हो गई। हजारों लोग 20-24 घंटे तक बैठे अपनी फ्लाइट का इंतजार करते रहे। कई यात्रियों को उड़ान से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी गई, जिससे गुस्सा और बढ़ गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर तो पानी, खाने और जरूरी सामानों को लेकर यात्रियों और स्टाफ के बीच बहस और झड़प की स्थिति तक बन गई। कुछ जगहों पर मामूली मारपीट जैसे हालात भी देखने को मिले।

 

सरकार के फैसले से उम्मीद है कि इंडिगो आने वाले दिनों में अपना ऑपरेशन धीरे-धीरे सामान्य कर पाएगी और यात्रियों की परेशानी कम होगी।