बोरखेड़ा इलाके में चोरी करने आया चोर एग्जॉस्ट फैन की होल में फंस गया फिर कई घंटों तक फंसा रहा। दरअसल, घर के सभी सदस्य खाटूश्याम दर्शन करने गए थे। जिस दौरान चोरी करने चोर आया लेकिन उसकी तो हेकड़ी निकल गई। ये वीडियो कल से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जैसे ही घर वाले आए तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद मौके से पुलिस ने चोर को बाहर निकाला। हैरानी की बात तो ये भी है कि चोर पुलिस स्टीकर लगी कार से चोरी करने पहुंचा था। ये घटना इलाके में चर्चा और मजाक का विषय बन गई है।
चोर के लिए पुलिस बनी मसीहा
बता दें कि चोर मुख्य दरवाजा तोड़कर घूसने की फिराक में था लेकिन असफल रहा। जिसके बाद उसने एग्जॉस्ट फैन की होल से घर के अंदर जाने का फैसला किया। बाथरूम की दीवार पर लगा एग्जॉस्ट फैन काफी छोटा था लेकिन चोर की लालच के सामने उसने एक बार भी नहीं सोचा बस एग्जॉस्ट में घुस गया। चोर ने किसी तरह अपना सिर और ऊपरी धड़ अंदर कर लिया जिसके बाद चोर का आगे का हिस्सा फंस गया और वो दीवार के बीचोंबीच एक घंटे से भी अधिक समय तक लटका रहा। खाटूश्यामजी घूमने गया परिवार जब वापस आया तो पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस चोर की जान बचाने और उसे बाहर निकालने के प्रयास में जुट गई। ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि इस चोर के लिए पुलिस मसीहा बनकर आई थी।
चोर को ऐसे निकाल एग्जॉस्ट होल से
चोर बहुत डरा-सहमा और घबराया हुआ था। पुलिस ने सबसे पहले चोर को शांत रहने को कहा और उसके लिए सांस लेने की व्यवस्था की। करीब 1 घंटे तक मेहनत की गई जिसके बाद पुलिस ने चोर को सुरक्षित एग्जॉस्ट होल से बाहर निकाल लिया।
चौंकाने वाली बात ये है कि चोर पुलिस स्टीकर लगी गाड़ी से ही चोरी करने पहुंच गया था। पुलिस को अंदेशा है कि कार पहले भी किसी चोरी की वारदात में इस्तेमाल हुई है। फिलहाल पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चोर को गिरफ्तार करके उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोर पहले भी चोरी के कई मामलों में शामिल रह चुका है।









