बिहार की राजधानी पटना में सिविल कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। साथ ही किशनगंज और गया के सिविल कोर्ट को भी आज बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल आया है। जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। आज किसी अज्ञात ईमेल आईडी से भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में RDX IED विस्फोटक यंत्र लगाए गए हैं, जिससे परिसर में मौजूद सभी को खतरा है। इस धमकी के बाद कोर्ट प्रशासन और पुलिस ने तुरंत सतर्कता बढ़ा दी।
प्राप्त हुई इस धमकी भरी ईमेल को गंभीरता से लेते हुए सभी कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया। वहां मौजूद वकील, जनता और कर्मचारी सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। पुलिस और बम निरोधक दस्ते के साथ-साथ डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री अभी तक बरामद नहीं की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धमकी संदेश में RDX बम का जिक्र किया गया है। ईमेल में बताया गया है कि कोर्ट के विभिन्न हिस्सों में विस्फोटक लगाए गए हैं। हालांकि अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि ये धमकी असली है या केवल किसी शरारती व्यक्ति की घिनौनी हरकत। पुलिस जांच कर रही है कि ये ई-मेल किस स्रोत से भेजी गई और भेजने वाला आदमी कौन है ? हर एंगल से इस मामले में साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है।
बम धमकी के बाद अदालत के बाहर सुरक्षा चौकसी कड़ी कर दी गई है। परिसर के चारों ओर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। कोर्ट प्रशासन ने पास आने वाले व्यक्तियों की पहचान पत्र जांच भी सुनिश्चित कर दी है।
पहले भी मिल चुकी बम की धमकी
ये कोई पहली घटना नहीं है जब सिविल कोर्टों को बम की धमकी मिली है। ऐसा कई बार हुआ है जब संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुए हैं जिनमें कोर्ट और अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं को निशाना बनाया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि वे इस प्रकार की धमकियों को गंभीरता से लेते हैं और ऐसे मामलों में आरोपियों को पकड़ने के लिए तकनीकी और साइबर माध्यमों से जांच तेज कर दी गई है। हालांकि फिलहाल किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, इसके बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा के सभी स्तर बढ़ा दिए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो सके।









