रविवार को जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया। पाकिस्तान से सटे हुए कुछ सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए। जिसके बाद इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सांबा, राजौरी और पुंछ जिलों के निकट LoC के पास करीब 5 ड्रोन जैसी आकृति हवा में उड़ान भरती हुई नजर आई। ये पाकिस्तान के रास्ते आती हुई प्रतीत हो रही थी। जिसके तुरंत बाद LoC पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। बता दें, कुछ देर बाद ये ड्रोन वापस पाकिस्तान की ओर लौट गए। अंदेशा है कि पाकिस्तान ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में कुछ संदिग्ध वस्तु गिराने तो नहीं आया था। रविवार से ही सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस-इस वक्त देखा गया ड्रोन
बता दें, जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में रविवार शाम 6:35 बजे एक ड्रोन देखा गया। जिसके बाद भारतीय सेना ने मीडियम और लाइट मशीन गनों से फायरिंग भी की। साथ ही रामगढ़ सेक्टर (चक बबराल) और पुंछ के मनकोट सेक्टर में भी ड्रोन का मूवमेंट नजर आया। इन इलाकों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और बारिकी से नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, ये वस्तु कालाकोट के धर्मसाल गांव की दिशा से आई थी और भराख की ओर बढ़ते हुए गायब हो गई थी। गांव में कल शाम 7:15 बजे एक ड्रोन कुछ मिनटों तक मंडराता देखा गया था। साथ ही पुंछ के मनकोट सेक्टर में भी LoC के पास तैन गांव से टोपा की ओर भी एक ड्रोन बढ़ता हुआ नजर आया था।
कुछ दिनों पहले मिले थे हथियार
कुछ दिनों पहले ही जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के पालूरा गांव के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप हथियारों का जखीरा बरामद हुआ था। भारतीय सेना ने इस दौरान पिस्तौल, मैगजीन, कारतूस और एक ग्रेनेड बरामद किए थे। माना जा रहा है कि इन्हें भी ड्रोन के जरिए गिराया गया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। तलाशी अभियान को भी तेज कर दिया गया है।









