खोर्दा जिले के निधिपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जब 6 साल के बच्चे ने चिप्स का पैकेट खरीदा तो पैकेट के अंदर मिले गुब्बारे को देखकर वो खुश हो गया। लेकिन जैसे ही उसने उस गुब्बारे को फुलाने की कोशिश की तो गुब्बारा फुलाते समय गले में अटक गया। जिसके बाद मासूम की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम की मौत से हर कोई गमगीन है। 

 

मृतक बालक का नाम तपस कुमार पैकाराय बताया जा रहा है। वो अपने घर का इकलौता बेटा था। तपस ने घर में चिप्स का पैकेट खोला और खाने के बाद मिले गुब्बारे से खेलना चाहता था...जिसके बाद वो गुब्बारा फुलाने लगा लेकिन किसे पता था कि ये उसकी जिंदगी के कुछ अंतीम क्षण हैं। इसी दौरान गुब्बारा उसके मुंह में फट गया और उसका एक हिस्सा अचानक गले में अटक गया, जिससे उसकी सांसें रुकने लगीं।

 

मौके से परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टर गुब्बारे के टुकड़े को निकालने में असफल रहे। अस्पताल में डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। 

 

इलाक़े में फैली सनसनी 

 

इस हादसे से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। कई लोगों ने पैकेट स्नैक्स उत्पादों में शामिल खिलौनों और छोटे वस्तुओं की सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं और उनसे ऐसी वस्तुओं को बच्चों तक पहुंचने से रोकने की अपील की है।  ओडिशा में ऐसे कई हादसे पहले भी हो चुके हैं। हाल ही में बलांगीर जिले जिले में भी एक 8 साल के मासूम की आंख एक खिलौने के फटने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। वहीं पिछले साल कंधमाल जिले में 4 साल के मासूम इसी तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मौत हो गई थी जब उसने चिप्स के पैकेट में मिला खिलौना निगल लिया था।