पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक बड़ा और ऐतिहासिक दिन देखने को मिला। लंबे समय तक राज्य की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने आज पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि बंगाल की राजनीति के एक बड़े अध्याय का अंत और नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। 

सबसे दिलचस्प बात यह है कि कभी सुवेंदु अधिकारी को ममता बनर्जी का सबसे भरोसेमंद नेता माना जाता था। वह Trinamool Congress के उन नेताओं में शामिल थे जिन्होंने पार्टी को गांव-गांव तक मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई। लेकिन समय बदला, रिश्ते बदले और फिर वही सुवेंदु बीजेपी के सबसे बड़े बंगाल चेहरे बनकर उभरे। अब मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद वह राज्य की राजनीति के केंद्र में आ चुके हैं।

 

 

छात्र राजनीति से शुरू हुआ सफर

सुवेंदु अधिकारी का जन्म पूर्वी मेदिनीपुर जिले के एक राजनीतिक परिवार में हुआ था। उनके पिता सिसिर अधिकारी भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं और इलाके में मजबूत पकड़ रखते थे। 

सुवेंदु ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। शुरुआत से ही उनकी पहचान एक आक्रामक और जमीन से जुड़े नेता की रही। धीरे-धीरे उन्होंने पूर्वी मेदिनीपुर और नंदीग्राम इलाके में मजबूत जनाधार तैयार किया। उनकी सबसे बड़ी ताकत यह मानी जाती रही कि वह सीधे जनता के बीच रहते थे और संगठन पर मजबूत पकड़ रखते थे। यही वजह थी कि वह बहुत जल्दी ममता बनर्जी की नजर में आ गए।

 

नंदीग्राम आंदोलन ने बना दिया बड़ा चेहरा

अगर सुवेंदु अधिकारी के राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी घटना की बात की जाए तो वह नंदीग्राम आंदोलन माना जाता है। साल 2007 में जब नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू हुआ, तब सुवेंदु इस आंदोलन का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे। उस समय ममता बनर्जी विपक्ष में थीं और उन्होंने इस आंदोलन को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया। सुवेंदु ने जमीन पर आंदोलन को संभाला और देखते ही देखते वह बंगाल की राजनीति में बड़ा नाम बन गए। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि नंदीग्राम आंदोलन ने ही लेफ्ट फ्रंट सरकार के खिलाफ माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी आंदोलन के बाद बंगाल में बदलाव की राजनीति तेज हुई और बाद में ममता बनर्जी सत्ता में आईं।

 

ममता के करीबी से बीजेपी के बड़े चेहरे तक

एक समय ऐसा था जब  सुवेंदु अधिकारी को ममता बनर्जी का सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था। TMC सरकार बनने के बाद उन्हें कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दी गईं। वह मंत्री भी बने और संगठन में भी उनकी मजबूत पकड़ रही। लेकिन धीरे-धीरे पार्टी के अंदर मतभेद बढ़ने लगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा होने लगी कि सुवेंदु खुद को पार्टी में नजरअंदाज महसूस कर रहे हैं।

इसके बाद उन्होंने TMC छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए। उनका बीजेपी में जाना बंगाल की राजनीति का बड़ा टर्निंग पॉइंट माना गया। क्योंकि वह सिर्फ एक नेता नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन वाले नेता थे।

 

नंदीग्राम में ममता को हराकर बने राष्ट्रीय चेहरा

साल 2021 का बंगाल विधानसभा चुनाव सुवेंदु अधिकारी के राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा मोड़ माना जाता है। उस चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट से सीधे ममता बनर्जी को चुनौती दी थी। 

यह मुकाबला पूरे देश की नजरों में था। आखिरकार परिणाम आया और सुवेंदु ने ममता बनर्जी को बेहद करीबी मुकाबले में हरा दिया। इस जीत ने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा चेहरा बना दिया। हालांकि उस चुनाव में बीजेपी सरकार नहीं बना पाई, लेकिन सुवेंदु विपक्ष के सबसे मजबूत नेता बनकर उभरे। उन्हें विधानसभा में लीडर ऑफ अपोजीशन बनाया गया।

 

आक्रामक राजनीति से बनाई अलग पहचान

सुवेंदु अधिकारी की पहचान हमेशा एक आक्रामक नेता के रूप में रही है। वह लगातार ममता सरकार पर हमला बोलते रहे और कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और राजनीतिक हिंसा जैसे मुद्दों को उठाते रहे।

बीजेपी समर्थकों के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई। पार्टी ने भी उन्हें बंगाल में अपना सबसे बड़ा चेहरा बनाकर पेश करना शुरू किया। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सुवेंदु ने खुद को सिर्फ एक क्षेत्रीय नेता तक सीमित नहीं रखा बल्कि पूरे बंगाल में अपनी पहचान बनाई।

 

मुख्यमंत्री पद की शपथ ने बदल दिया राजनीतिक समीकरण

आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही सुवेंदु अधिकारी  ने बंगाल की राजनीति में नया इतिहास रच दिया। यह शपथ सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि बंगाल की राजनीतिक दिशा में बड़े बदलाव का संकेत मानी जा रही है। 

शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी के कई बड़े नेता मौजूद रहे। समर्थकों के बीच भारी उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर जश्न मनाया गया और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसे 'परिवर्तन का नया दौर' बताया। सुवेंदु ने शपथ लेने के बाद कहा गया कि बीजेपी सरकार बंगाल में विकास, कानून-व्यवस्था और उद्योगों पर खास ध्यान देगी।

 

सामने होंगी कई बड़ी चुनौतियां

मुख्यमंत्री बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी के सामने कई बड़ी चुनौतियां भी होंगी। पश्चिम बंगाल लंबे समय से राजनीतिक हिंसा, बेरोजगारी और उद्योगों की कमी जैसे मुद्दों से जूझता रहा है। इसके अलावा उन्हें प्रशासनिक स्तर पर भी कई बड़े फैसले लेने होंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अब तक विपक्ष की राजनीति करने वाले सुवेंदु के लिए सरकार चलाना एक अलग परीक्षा होगी। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती बंगाल में निवेश बढ़ाने और रोजगार के अवसर पैदा करने की मानी जा रही है।

 

समर्थकों के लिए ‘बंगाल का मजबूत नेता’

बीजेपी समर्थकों के बीच सुवेंदु अधिकारी की छवि एक मजबूत और निर्णायक नेता की बन चुकी है। खासकर ग्रामीण बंगाल में उनकी पकड़ को काफी मजबूत माना जाता है। उनके समर्थकों का कहना है कि वह जमीन से जुड़े नेता हैं और आम लोगों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। यही वजह है कि उन्होंने कम समय में बंगाल की राजनीति में इतनी बड़ी जगह बना ली।

 

बंगाल की राजनीति में नए दौर की शुरुआत

सुवेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री बनना पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। कभी ममता बनर्जी के भरोसेमंद सहयोगी रहे सुवेंदु अब उनके सबसे बड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन चुके हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा यह दिखाती है कि बंगाल की राजनीति कितनी तेजी से बदलती रही है। छात्र राजनीति से लेकर मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का उनका सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। अब पूरे देश की नजर इस बात पर रहेगी कि मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी बंगाल को किस दिशा में लेकर जाते हैं और क्या वह जनता की उम्मीदों पर खरे उतर पाते हैं या नहीं।