MacBook Neo vs MacBook Air M5: Apple ने इस बार दो बिल्कुल अलग-अलग तरह के MacBook लॉन्च किए हैं और दोनों के बीच कीमत का फर्क पूरे 50 हजार रुपये का है। एक तरफ है MacBook Neo जो 69,900 रुपये से शुरू होता है और Apple का अब तक का सबसे सस्ता MacBook है। दूसरी तरफ है MacBook Air M5 जो 1,19,900 रुपये से शुरू होता है। अब सवाल यह उठता है कि इन दोनों में से कौन सा लैपटॉप आपके लिए सही रहेगा और क्या उस 50 हजार के फर्क में सच में इतना ज्यादा मिलता है कि Air खरीदना सही हो। दोनों लैपटॉप fanless हैं यानी दोनों में कूलिंग फैन नहीं है और दोनों macOS Tahoe पर चलते हैं जिसमें Apple Intelligence का सपोर्ट है। यह दोनों की कुछ मिलती-जुलती बातें हैं। लेकिन इसके आगे दोनों के बीच बहुत सारे फर्क हैं जिन्हें जानना जरूरी है।

 

डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी में कितना फर्क है?

 

बाहर से देखने पर MacBook Neo और MacBook Air M5 काफी एक जैसे लगते हैं। दोनों एल्युमिनियम यूनिबॉडी बिल्ड के साथ आते हैं और 13 इंच वाले Air और Neo दोनों का वजन एक जैसा है यानी 1.23 किलोग्राम। लेकिन Neo थोड़ा बड़ा है जबकि Air थोड़ा पतला है। Air की मोटाई 1.13 सेंटीमीटर है जबकि Neo की 1.27 सेंटीमीटर। हाथ में लेने पर यह फर्क बहुत ज्यादा महसूस नहीं होता।

 

रंगों की बात करें तो Neo में Blush, Citrus, Indigo और Silver के ऑप्शन हैं जो थोड़े ज्यादा फन और एक्सप्रेसिव हैं। Air में Sky Blue, Starlight, Midnight और Silver के ऑप्शन हैं जो थोड़े सोबर हैं। एक और फर्क यह है कि Neo में डिस्प्ले नॉच नहीं है लेकिन इसके बदले बेजल्स थोड़े मोटे हैं।

 

कीबोर्ड में भी फर्क है। Neo में स्टैंडर्ड Magic Keyboard है जिसमें बैकलाइट नहीं है और Touch ID भी सिर्फ 79,900 वाले महंगे वेरिएंट में मिलता है। Air के दोनों मॉडल में बैकलिट Magic Keyboard और Touch ID स्टैंडर्ड है।ट्रैकपैड में भी फर्क है, Neo में मैकेनिकल Multi-Touch ट्रैकपैड है जबकि Air में Apple का Force Touch हैप्टिक ट्रैकपैड है जो प्रेशर-सेंसिटिव इनपुट सपोर्ट करता है।

 

डिस्प्ले में क्या अंतर है, कलर वर्क करने वालों के लिए कौन बेहतर?

 

दोनों में Liquid Retina डिस्प्ले है लेकिन Air की डिस्प्ले बेहतर है। Neo में 13 इंच की Liquid Retina डिस्प्ले है जिसका रेजोल्यूशन 2408 x 1506 पिक्सल है और पिक्सल डेंसिटी 219 PPI है। Air M5 13 इंच में 2560 x 1664 रेजोल्यूशन और 224 PPI है। तीनों में 500 निट्स की ब्राइटनेस है और 1 बिलियन कलर सपोर्ट है।

 

लेकिन सबसे बड़ा फर्क यह है कि दोनों Air मॉडल में P3 वाइड कलर और True Tone है। True Tone फीचर आसपास की रोशनी के हिसाब से स्क्रीन की सफेदी को खुद एडजस्ट करता है। Neo सिर्फ स्टैंडर्ड sRGB पर काम करता है। अगर आप फोटो एडिटिंग या वीडियो एडिटिंग करते हैं तो Air का P3 कलर गमट आपके लिए बहुत जरूरी है। नॉर्मल यूज के लिए दोनों की स्क्रीन ठीक है।

 

कैमरे की बात करें तो दोनों में 1080p वीडियो है लेकिन Air में 12MP सेंसर है जिसमें Center Stage फीचर है जो वीडियो कॉल के दौरान खुद आपको फ्रेम में रखता है। साथ में Desk View भी है। Neo में बेसिक 1080p FaceTime HD कैमरा है जिसमें यह एडवांस फीचर नहीं हैं।

 

MacBook Neo vs MacBook Air M5: परफॉर्मेंस का सबसे बड़ा फर्क, यहीं तय होता है असली मुकाबला

 

यह दोनों के बीच सबसे बड़ा और सबसे जरूरी फर्क है। Neo में Apple का A18 Pro चिप है जो iPhone 16 Pro में भी इस्तेमाल होता है। इसमें 6-कोर CPU, 5-कोर GPU है और मेमोरी बैंडविड्थ 60 GB/s है। Air M5 में Apple का M5 चिप है जो Mac के लिए खास बनाया गया है। इसमें 10-कोर CPU, 10-कोर GPU तक और 153 GB/s मेमोरी बैंडविड्थ है जो Neo से दोगुने से भी ज्यादा है।

 

Geekbench टेस्ट के शुरुआती नतीजों के मुताबिक M5 का सिंगल-कोर स्कोर A18 Pro से करीब 20 फीसदी ज्यादा है और मल्टी-कोर स्कोर लगभग दोगुना है। RAM की बात करें तो Neo में सिर्फ 8GB RAM है और इसे बढ़ाया नहीं जा सकता। Air में 16GB से शुरू होकर 32GB तक RAM मिलती है।

 

रोजमर्रा के काम जैसे ब्राउजिंग, डॉक्यूमेंट वर्क और वीडियो स्ट्रीमिंग के लिए 8GB RAM ठीक चलती है। लेकिन अगर आप एक साथ कई भारी ऐप चलाते हैं, वीडियो एडिटिंग करते हैं या AI वाले काम करते हैं तो 8GB की लिमिट जल्दी दिखने लगेगी।

 

पोर्ट्स और कनेक्टिविटी में भी बड़ा अंतर

 

Neo में दो USB-C पोर्ट हैं जिनमें एक USB 3 है जो 10 Gbps स्पीड देता है और दूसरा USB 2 है जो सिर्फ 480 Mbps देता है। साथ में 3.5mm हेडफोन जैक है। Neo एक बाहरी डिस्प्ले सपोर्ट करता है वो भी सिर्फ 4K/60Hz तक। MagSafe नहीं है इसलिए चार्जिंग के लिए एक USB-C पोर्ट इस्तेमाल होगा।

 

Air में दो Thunderbolt 4 पोर्ट हैं जो 40 Gbps स्पीड देते हैं, एक अलग MagSafe 3 चार्जिंग पोर्ट है और हेडफोन जैक भी है। Air एक साथ दो बाहरी डिस्प्ले 6K/60Hz तक सपोर्ट कर सकता है। Wi-Fi में भी फर्क है। Neo में Wi-Fi 6E है जबकि Air में Wi-Fi 7 है जो तेज और ज्यादा स्टेबल कनेक्शन देता है।

 

बैटरी लाइफ और कीमत, कौन सा लें?

 

बैटरी की बात करें तो Neo में 16 घंटे तक वीडियो स्ट्रीमिंग का दावा है जबकि Air में 18 घंटे तक का। Neo की बैटरी 36.5Wh की है और यह 20W चार्जर के साथ आता है। Air 70W तक फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है।

 

कीमत की बात करें तो Neo के दो ही ऑप्शन हैं। 256GB वाला बेस मॉडल 69,900 रुपये में और 512GB वाला Touch ID के साथ 79,900 रुपये में। स्टूडेंट्स को एजुकेशन प्राइसिंग में यह 59,900 रुपये में मिलता है। Air M5 13 इंच 1,19,900 रुपये से शुरू होता है और 15 इंच वाला 1,44,900 रुपये से।

 

सीधे शब्दों में कहें तो अगर आपका बजट कम है और आप हल्का-फुल्का काम करते हैं तो Neo एक अच्छा ऑप्शन है। लेकिन अगर आप प्रोफेशनल काम करते हैं, ज्यादा RAM चाहिए, बेहतर डिस्प्ले चाहिए और लंबे समय तक यूज करना है तो Air M5 में किया गया 50 हजार का एक्स्ट्रा खर्च पूरी तरह सही रहेगा।