आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ कॉल करने या इंटरनेट चलाने का जरिया नहीं रह गया है। फोन में इतने सारे फीचर्स दिए जाते हैं कि कई बार यूजर उन सभी का इस्तेमाल ही नहीं कर पाते। खासकर सैमसंग गैलेक्सी स्मार्टफोन में कई ऐसे फीचर्स मौजूद हैं जो रोजमर्रा के काम को आसान बना सकते हैं, लेकिन ज्यादातर लोग इनके बारे में जानते ही नहीं हैं।
सैमसंग अपने फोन में एंड्रॉयड के साथ अपना वन यूआई इंटरफेस देता है, जिसमें कई स्मार्ट फीचर्स छिपे होते हैं। इनमें से कुछ फीचर्स ऐसे हैं जो फोन इस्तेमाल करने के तरीके को ही बदल सकते हैं। आइए जानते हैं सैमसंग गैलेक्सी फोन के कुछ ऐसे ही कमाल के फीचर्स के बारे में।
अलग-अलग ऐप की आवाज अलग डिवाइस पर सुनें
कई बार ऐसा होता है कि आप कार में म्यूजिक सुन रहे होते हैं और साथ ही फोन पर मैप चल रहा होता है। ऐसे में नेविगेशन की आवाज भी म्यूजिक के बीच में आने लगती है। सैमसंग फोन का सेपरेट ऐप साउंड फीचर इस परेशानी को दूर कर सकता है।
इस फीचर की मदद से आप अलग-अलग ऐप की आवाज को अलग-अलग डिवाइस पर भेज सकते हैं। जैसे म्यूजिक की आवाज ब्लूटूथ स्पीकर या कार सिस्टम पर चले और गूगल मैप की आवाज फोन के स्पीकर से आए।
इसे ऑन करने के लिए सेटिंग्स में जाकर साउंड और वाइब्रेशन वाले ऑप्शन में जाएं। वहां एडवांस साउंड सेटिंग्स में जाकर सेपरेट ऐप साउंड को एक्टिवेट किया जा सकता है। यह फीचर उन लोगों के लिए काफी कामदार है जो ड्राइविंग के दौरान फोन का इस्तेमाल करते हैं।
एक ही ऐप के दो अकाउंट चलाएं
आजकल बहुत से लोग एक से ज्यादा अकाउंट इस्तेमाल करते हैं। जैसे किसी के पास पर्सनल और बिजनेस दोनों व्हाट्सऐप अकाउंट हो सकते हैं। ऐसे में अलग-अलग फोन रखने की जरूरत नहीं है। सैमसंग गैलेक्सी फोन में ड्युअल मैसेंजर फीचर मिलता है, जिससे कुछ मैसेजिंग ऐप्स के दो अलग-अलग अकाउंट चलाए जा सकते हैं।
इसकी मदद से आप एक ही फोन में दो व्हाट्सऐप या दूसरे सपोर्टेड मैसेजिंग ऐप इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सेटिंग्स में एडवांस फीचर्स में जाकर ड्युअल मैसेंजर ऑप्शन को ऑन करना होता है। यह फीचर खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो एक फोन में दो नंबर इस्तेमाल करते हैं।
फोटो से तुरंत हटाएं बैकग्राउंड
सैमसंग गैलेक्सी के नए फोन में फोटो एडिटिंग के लिए भी कई स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं। इनमें से एक है फोटो का बैकग्राउंड हटाने वाला फीचर। इस फीचर की मदद से आप किसी फोटो में मौजूद मुख्य व्यक्ति या वस्तु को अलग कर सकते हैं और उसका स्टिकर जैसा इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए किसी अलग ऐप की जरूरत नहीं पड़ती। गैलरी में फोटो खोलने के बाद सब्जेक्ट पर टैप करके उसे अलग किया जा सकता है। यह फीचर सोशल मीडिया पोस्ट बनाने वालों के लिए काफी काम का हो सकता है।
सिक्योर फोल्डर से छुपाएं जरूरी चीजें
आजकल फोन में हमारी कई निजी चीजें होती हैं। फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट और कुछ ऐप्स ऐसे होते हैं जिन्हें हम दूसरों से सुरक्षित रखना चाहते हैं। इसके लिए सैमसंग का सिक्योर फोल्डर काफी उपयोगी फीचर है।
सिक्योर फोल्डर फोन के अंदर एक अलग प्राइवेट स्पेस बना देता है, जहां आप अपनी जरूरी फाइलें और ऐप्स रख सकते हैं। इसे पासवर्ड, पिन या बायोमेट्रिक लॉक से सुरक्षित किया जा सकता है। अगर आपका फोन कभी किसी और के हाथ में चला जाए तो भी आपकी निजी जानकारी सुरक्षित रह सकती है।
पावर बटन को अपने हिसाब से इस्तेमाल करें
सैमसंग फोन का साइड की यानी पावर बटन सिर्फ फोन लॉक करने या बंद करने के लिए नहीं होता। इसे आप अपनी जरूरत के हिसाब से कस्टमाइज कर सकते हैं। इसमें डबल प्रेस करने पर कैमरा खोलना, कोई ऐप लॉन्च करना या दूसरा शॉर्टकट सेट किया जा सकता है।अगर आप बार-बार किसी ऐप का इस्तेमाल करते हैं तो उसे पावर बटन से जोड़कर आपका समय बच सकता है।
एज पैनल भी है काफी काम का फीचर
सैमसंग फोन में एज पैनल नाम का फीचर भी मिलता है, जिसे कई यूजर नजरअंदाज कर देते हैं। यह स्क्रीन के किनारे से खुलने वाला एक शॉर्टकट पैनल होता है। इसमें आप अपने पसंदीदा ऐप, कॉन्टैक्ट, टूल्स और कई दूसरे विकल्प जोड़ सकते हैं। इससे बार-बार ऐप लिस्ट में जाने की जरूरत कम हो जाती है।
वाई-फाई की परेशानी भी पता कर सकते हैं
सैमसंग फोन में कुछ एडवांस वाई-फाई टूल्स भी छिपे होते हैं। वन यूआई के कुछ वर्जन में कनेक्टिविटी लैब्स जैसे फीचर मिलते हैं, जिनसे नेटवर्क से जुड़ी जानकारी और कनेक्शन की जांच की जा सकती है। अगर घर में किसी जगह वाई-फाई कमजोर आता है तो इन फीचर्स की मदद से समस्या समझने में आसानी हो सकती है।
स्क्रीनशॉट लेने का आसान तरीका
सैमसंग फोन में स्क्रीनशॉट लेने के लिए बटन दबाने के अलावा एक जेस्चर फीचर भी मिलता है। पाम स्वाइप टू कैप्चर की मदद से हाथ की हथेली को स्क्रीन पर स्वाइप करके स्क्रीनशॉट लिया जा सकता है। यह तरीका उन लोगों के लिए आसान है जिन्हें बटन दबाकर स्क्रीनशॉट लेना मुश्किल लगता है।
फोन को स्मार्ट तरीके से इस्तेमाल करने का फायदा
स्मार्टफोन में मौजूद फीचर्स का सही इस्तेमाल करने से फोन सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रहता बल्कि रोजमर्रा के कई काम आसान कर देता है। सैमसंग जैसे ब्रांड अपने फोन में कई सुविधाएं देते हैं, लेकिन जानकारी की कमी की वजह से यूजर उनका फायदा नहीं उठा पाते।
हमारी राय
सैमसंग गैलेक्सी फोन में मौजूद ये फीचर्स दिखाते हैं कि स्मार्टफोन सिर्फ कैमरा और कॉलिंग तक सीमित नहीं हैं। अगर यूजर सेटिंग्स को थोड़ा समझ लें तो वही फोन ज्यादा स्मार्ट तरीके से काम कर सकता है। सिक्योर फोल्डर, ड्युअल मैसेंजर, साइड की कस्टमाइजेशन और फोटो एडिटिंग जैसे फीचर्स रोजमर्रा की जिंदगी में काफी काम आ सकते हैं। इसलिए नया फोन खरीदने के बाद सिर्फ ऐप चलाने के बजाय उसकी सेटिंग्स को भी एक बार जरूर देखना चाहिए।









