टाटा मोटर्स ने 22 साल बाद अपनी आइकॉनिक SUV सिएरा को नए मॉडर्न अवतार में भारत में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने सोमवार 25 नवंबर को इस कार को पेश किया। नई सिएरा पूरी तरह अपडेटेड डिजाइन और उन्नत फीचर्स के साथ बाजार में आई है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹11.49 लाख रखी गई है। बुकिंग 16 दिसंबर से शुरू होगी और डिलीवरी 15 जनवरी से शुरू की जाएगी। यह SUV हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, स्कोडा कुशाक, फोक्सवैगन टाइगन, मारुति ग्रैंड विटारा, होंडा एलिवेट और MG एस्टर को कड़ी टक्कर देगी।

 

नई सिएरा का डिजाइन 1990 के पुराने मॉडल से प्रेरित है, लेकिन इसे टाटा हैरियर और सफारी जैसी आधुनिक डिजाइन लैंग्वेज पर तैयार किया गया है। गाड़ी में कनेक्टेड LED DRL, ब्लैक फिनिश ग्रिल और बंपर में इंटीग्रेटेड हेडलाइट्स दिए गए हैं। साइड प्रोफाइल में इसका बॉक्सी और SUV जैसा लुक पहले जैसा ही नजर आता है। प्रसिद्ध 'एल्पाइन विंडो' डिजाइन भी बरकरार रखा गया है। इसमें फ्लश डोर हैंडल और 19 इंच के डुअल–टोन अलॉय व्हील मिलते हैं। रियर में कनेक्टेड LED टेल लैंप और ग्लॉस ब्लैक बंपर शामिल है।

 

इंटीरियर की बात करें तो यह टाटा की किसी भी SUV से अलग नजर आता है। इसमें तीन स्क्रीन का सेटअप दिया गया है जो एक ही पैनल पर इंटीग्रेटेड है और डैशबोर्ड की पूरी चौड़ाई पर फैला हुआ है। डैशबोर्ड में यलो हाइलाइट्स और पतले AC वेंट दिए गए हैं। चार-स्पोक स्टीयरिंग में इल्युमिनेटेड लोगो है और डैशबोर्ड पर साउंडबार भी दिया गया है, जो किसी भी टाटा कार में पहली बार मिल रहा है। बड़ा पैनोरमिक सनरूफ और बड़ी खिड़कियां केबिन को काफी हवादार और खुला महसूस कराती हैं। पीछे बेंच सीट, ज्यादा लेगरूम, तीन हेडरेस्ट और सेंटर आर्मरेस्ट दिया गया है।

 

फीचर्स की बात करें तो इसमें डुअल–जोन क्लाइमेट कंट्रोल, JBL साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जर, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, एंबिएंट लाइटिंग और बड़ा पैनोरमिक सनरूफ दिया गया है। सुरक्षा के लिए 7 एयरबैग, ABS–EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ISOFIX, 360° कैमरा और लेवल–2 ADAS जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं।

 

नई टाटा सिएरा तीन इंजन विकल्पों के साथ आती है। पहला 1.5 लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 108PS पावर और 145Nm टॉर्क देता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। दूसरा 1.5 लीटर नया T-GDI टर्बो पेट्रोल इंजन है, जो 160PS पावर और 255Nm टॉर्क देता है। इसके साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा। तीसरा 1.5 लीटर डीजल इंजन है, जो 118PS पावर और 260Nm टॉर्क देता है और इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड DCT विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा सिएरा का इलेक्ट्रिक वर्जन भी उपलब्ध कराया जाएगा।