हीरो मोटोकॉर्प ने भारत में Xtreme 160R 4V का नया Combat Edition लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे अपनी वेबसाइट पर Xtreme 160R 4V Cruise Control नाम दिया है। खास बात ये है कि यह भारत की पहली 160CC बाइक है जिसमें क्रूज कंट्रोल फीचर दिया गया है। इसके साथ इसमें कलर LCD डिस्प्ले और तीन राइडिंग मोड्स भी मिलते हैं। बाइक डुअल चैनल ABS से लैस है, जो फ्रंट और रियर दोनों व्हील्स को ब्रेकिंग में कंट्रोल करता है। इससे स्लिप होने का खतरा काफी कम हो जाता है।
इसकी कीमत 1,34,100 रुपये एक्स-शोरूम दिल्ली रखी गई है। यह बाइक TVS Apache RTR 160 4V और Bajaj Pulsar NS160 को कड़ी टक्कर देगी।
कॉम्बैट एडिशन के डिजाइन में रेगुलर मॉडल की तुलना में हल्के बदलाव किए गए हैं। इसमें शार्पर LED हेडलाइट और ग्रे विद फ्लोरोसेंट येलो कलर स्कीम मिलती है, जो इसे मिलिट्री-इंस्पायर्ड लुक देती है। बाइक का डायमेंशन पहले जैसा ही है और 795mm की सीट हाइट इसे हर हाइट वाले राइडर के लिए कम्फर्टेबल बनाती है। इसका वजन 139.5 किलो है, जिससे हैंडलिंग लाइट और स्मूद रहती है।
इंजन में बदलाव नहीं किया गया है। इसमें 163CC का सिंगल सिलेंडर ऑयल कूल्ड इंजन है, जो 16.6hp पावर और 14Nm टॉर्क देता है। राइड-बाय-वायर की वजह से थ्रॉटल रिस्पॉन्स पहले से बेहतर हो गया है। बाइक 0 से 60kmph की रफ्तार सिर्फ 4.5 सेकेंड में पकड़ लेती है। शहर में लगभग 45kmpl और हाईवे पर 50kmpl से ज्यादा माइलेज मिलता है। तीन राइडिंग मोड्स में रेन मोड से सेफ्टी बढ़ती है और स्पोर्ट मोड पर परफॉर्मेंस और भी ढंग से महसूस होती है।
हीरो ने सस्पेंशन और हार्डवेयर को भी रिफाइन किया है। फ्रंट में KYB का इनवर्टेड फोर्क और रियर में मोनोशॉक मिलता है। 17 इंच अलॉय व्हील्स के साथ 276mm फ्रंट डिस्क और 220mm रियर डिस्क दिए गए हैं। डुअल चैनल ABS स्टैंडर्ड है।
फीचर्स में नया कलर LCD कंसोल शामिल है, जिसमें स्पीड, फ्यूल लेवल, गियर पोजिशन, टाइम, ओडोमीटर और ट्रिप मीटर्स जैसी सभी जरूरी जानकारी मिलती है। बाइक में फुल LED लाइटिंग सेटअप दिया गया है, जिससे नाइट राइडिंग और भी ब्राइट होती है।
यह बाइक शहर की रोजमर्रा की राइडिंग से लेकर वीकेंड ट्रिप्स तक, हर तरह की जरूरत को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है और अपने सेगमेंट में एक आकर्षक विकल्प बनकर आई है।









