Upcoming Cars: नया साल 2026 भारतीय कार प्रेमियों के लिए बेहद खास होने जा रहा है। जनवरी की शुरुआत से ही कई पॉपुलर कार मॉडल्स भारतीय बाजार में दस्तक देने वाले हैं। इस साल का ध्यान खासकर कारों के डिजाइन, तकनीक, सुरक्षा और इलेक्ट्रिफिकेशन पर रहेगा।
एक तरफ, किआ अपनी प्रीमियम SUV के साथ सेगमेंट में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी कर रही है, तो वहीं वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन (EV) निर्माता कंपनी विनफास्ट, भारतीय बाजार में एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक कार से बाजार की तस्वीर बदलने की योजना बना रही है। इसके अलावा, मारुति सुजुकी भी इस साल आधिकारिक रूप से इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट में उतरने वाली है।
चलिए जानते हैं उन कारों के बारे में जो साल 2026 में लॉन्च होंगे:
1. Maruti e-Vitara
मारुति सुजुकी की पहली ऑल-इलेक्ट्रिक कार, e-Vitara, 2026 में लॉन्च होगी। यह कार दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ आएगी 49kWh और 61kWh, जो एक बार चार्ज करने पर 543 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इसमें आधुनिक फीचर्स जैसे ड्यूल-स्क्रीन सेटअप, 360-डिग्री कैमरा और लेवल 2 ADAS (एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) दिए जाएंगे। इसकी कीमत 15 लाख से 25 लाख रुपये एक्स-शोरूम हो सकती है।
2. Kia Seltos
किआ की Seltos का नया जनरेशन मॉडल 2 जनवरी 2026 को पेश किया जाएगा। नया मॉडल किआ के K3 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा, जिससे इसका साइज और प्रीमियम फील पहले से बेहतर होगा। इसमें डिजिटल टाइगर नोज ग्रिल, फुल LED लाइटिंग और 12.3-इंच का ड्यूल डिस्प्ले वाला मॉडर्न केबिन मिलेगा। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन विकल्प मिलेंगे। इसकी अनुमानित कीमत 11 लाख से 21 लाख रुपये एक्स-शोरूम हो सकती है।
3. Skoda Kushaq
Skoda Kushaq का फेसलिफ्ट वर्जन जनवरी 2026 के मध्य में लॉन्च होगा। नए फ्रंट ग्रिल, री-डिजाइन्ड बंपर और स्लीक LED टेललैंप्स के साथ इसे और आकर्षक बनाया गया है। इस मॉडल में पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा और लेवल 2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स शामिल होंगे। इसकी कीमत 11 लाख से 19 लाख रुपये एक्स-शोरूम के बीच हो सकती है।
4. Renault Duster
नई जनरेशन Renault Duster 26 जनवरी 2026 को भारत में डेब्यू करेगी, जबकि इसकी लॉन्चिंग मार्च 2026 में होगी। नई Duster में दमदार डिजाइन के साथ प्रीमियम इंटीरियर्स होंगे। इसमें 10.1-इंच टचस्क्रीन और फुल ADAS पैकेज जैसी सुविधाएं होंगी। इसकी कीमत 11 लाख से 20 लाख रुपये एक्स-शोरूम रहने की संभावना है।
5. Nissan Gravite
Nissan जनवरी 2026 में अपनी Gravite MPV को लॉन्च करेगी, जो कि रेनॉ ट्राइबर के प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। यह 2+3+2 सीटिंग लेआउट के साथ आएगी। इसमें 8-इंच टचस्क्रीन, छह एयरबैग और 360-डिग्री कैमरा जैसे सेफ्टी फीचर्स होंगे। इसकी अनुमानित कीमत 6 लाख से 9 लाख रुपये एक्स-शोरूम हो सकती है।









