भारत में पैसेंजर वाहनों की थोक बिक्री ने साल 2025 में नया इतिहास रच दिया। उद्योग के अनुमान के मुताबिक, पूरे कैलेंडर वर्ष में कुल 45.5 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई, जो सालाना आधार पर करीब 6 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
साल की दूसरी छमाही में लागू हुए GST 2.0 ने मांग को मजबूती दी और साल की धीमी शुरुआत के असर को काफी हद तक खत्म किया।
घरेलू वाहन निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने 2025 में लंबे समय से दूसरे स्थान पर रही हुंडई मोटर इंडिया को पीछे छोड़ दिया। बिक्री के लिहाज से महिंद्रा दूसरे स्थान पर और टाटा मोटर्स तीसरे स्थान पर रहा। जबकि हुंडई मोटर चौथे स्थान पर खिसक गई। वहीं पहले स्थान पर मारुति सुजुकी का कब्जा रहा।
2025 में मारुति ने बेची इतनी गाड़ियां
मारुति सुजुकी इंडिया ने 2025 में 18.44 लाख यूनिट्स की थोक बिक्री दर्ज की, जो 2024 में बनाए गए 17.90 लाख यूनिट्स के अपने पुराने रिकॉर्ड से ज्यादा है।
कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग और सेल्स) पार्थो बनर्जी ने बताया कि पूरे उद्योग की बिक्री 2024 के 43.05 लाख यूनिट्स के मुकाबले 2025 में बढ़कर 45.5 लाख यूनिट्स पर पहुंच गई।
एसयूवी सेगमेंट की लोकप्रियता 2025 में भी बरकरार रही। कुल पैसेंजर वाहन बिक्री में एसयूवी की हिस्सेदारी बढ़कर 55.8 प्रतिशत हो गई, जो 2024 में 53.8 प्रतिशत थी। वहीं, जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद छोटे कार सेगमेंट में भी धीरे-धीरे रिकवरी के संकेत देखने को मिले।
मैनेजमेंट की राय
पार्थो बनर्जी के अनुसार, जीएसटी में कटौती, 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स राहत और रेपो रेट में कमी जैसे कारकों ने 2025 में ऑटो इंडस्ट्री को बड़ा सहारा दिया।
उन्होंने कहा कि साल को जीएसटी से पहले और जीएसटी के बाद के दो हिस्सों में बांटकर देखना चाहिए, क्योंकि अक्तूबर के बाद बाजार में असली तेजी देखने को मिली।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने कहा कि कैलेंडर ईयर 2025 उद्योग के लिए स्थिर प्रगति वाला रहा, जिसमें एसयूवी की बढ़ती मांग और स्वच्छ, कम उत्सर्जन वाले पावरट्रेन को अपनाने की रफ्तार तेज हुई। उन्होंने बताया कि जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद तीसरी तिमाही में रफ्तार और बढ़ी। जिससे कंपनी ने लगातार पांचवें साल रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की।
2025 में टाटा मोटर्स ने कुल 5,87,218 यूनिट्स बेचीं, जिनमें रिकॉर्ड 81,125 इलेक्ट्रिक वाहन शामिल थे। वहीं, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने 2025 में 3,88,801 यूनिट्स की अब तक की सबसे ज्यादा सालाना बिक्री दर्ज की, जो 2024 के मुकाबले 19 प्रतिशत अधिक है।
स्कोडा ऑटो इंडिया ने भी 2025 में 72,665 यूनिट्स की रिकॉर्ड बिक्री के साथ अपनी मजबूत वापसी दर्ज की। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने भी 2025 में 19 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ 70,554 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की।









