आजकल कार में चूहों का घुसना एक बहुत आम समस्या बन गई है। खासकर शहरों में, जहां गाड़ियां खुले में या बेसमेंट पार्किंग में खड़ी रहती हैं, वहां चूहे आसानी से कार में घुस जाते हैं। ये सिर्फ गंदगी ही नहीं फैलाते, बल्कि वायरिंग काटकर हजारों रुपये का नुकसान भी कर सकते हैं। कई बार तो चूहों के कारण कार स्टार्ट ही नहीं होती, क्योंकि वे इंजन के जरूरी तारों को नुकसान पहुंचा देते हैं। इसलिए समय रहते कार को चूहों से बचाना बेहद जरूरी है।

चलिए समझते हैं कि चूहे कार में क्यों आते हैं और उनसे बचाव कैसे किया जा सकता है।


कार में चूहे क्यों आते हैं?

चूहों के कार में आने के पीछे कुछ मुख्य कारण होते हैं। सबसे बड़ा कारण है गर्माहट। जब आप कार चलाकर पार्क करते हैं, तो इंजन कुछ समय तक गर्म रहता है, जो चूहों के लिए एक सुरक्षित जगह बन जाता है। इसके अलावा कार में अगर खाने के टुकड़े, रैपर या गंदगी हो, तो उसकी गंध चूहों को आकर्षित करती है। तीसरा कारण है सुरक्षित जगह। कार का इंजन और अंदर का हिस्सा अंधेरा और छिपा हुआ होता है, जहां चूहे आसानी से अपना घोंसला बना लेते हैं।


कार को साफ रखना है सबसे जरूरी

अगर आप सच में अपनी कार को चूहों से बचाना चाहते हैं, तो सबसे पहला और सबसे आसान तरीका है, सफाई। कार के अंदर कभी भी खाने के टुकड़े, बिस्किट, चिप्स या फल के छिलके न छोड़ें। नियमित रूप से सीट के नीचे, डैशबोर्ड और बूट स्पेस को साफ करते रहें। क्योंकि छोटी सी गंदगी भी चूहों को बुलावा दे सकती है।


पार्किंग जगह का सही चुनाव करें

आप कार कहां पार्क करते हैं, यह भी बहुत मायने रखता है। अगर आप गाड़ी को कचरे के पास, झाड़ियों के पास या अंधेरी जगह में पार्क करते हैं, तो चूहों के आने का खतरा बढ़ जाता है। हमेशा कोशिश करें कि गाड़ी साफ, खुली और रोशनी वाली जगह पर पार्क हो। इससे चूहे कार के पास आने से बचते हैं।


चूहों को दूर रखने के लिए इस्तेमाल करें रिपेलेंट

आजकल बाजार में कई तरह के रैट रिपेलेंट स्प्रे और डिवाइस आते हैं, जो चूहों को दूर रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा घरेलू उपाय भी काफी कारगर होते हैं। जैसे पुदीना तेल (peppermint oil), कपूर या नेफ्थलीन की गोलियां चूहों को पसंद नहीं होतीं। इन्हें कार के इंजन या सीट के पास रखा जा सकता है। इनकी तेज गंध चूहों को दूर रखने में मदद करती है।


कार को लंबे समय तक खड़ा न रखें

अगर आपकी कार कई दिनों तक एक ही जगह खड़ी रहती है, तो यह चूहों के लिए सुरक्षित घर बन जाती है। इसलिए कोशिश करें कि कार को नियमित रूप से चलाते रहें। हर 2–3 दिन में थोड़ी देर गाड़ी चलाने से चूहे उसमें घर नहीं बना पाते।


इंजन और बोनट की नियमित चेक करें

कार का इंजन चूहों की सबसे पसंदीदा जगह होती है।इसलिए समय-समय पर बोनट खोलकर चेक करते रहें कि कहीं गंदगी, कचरा या तार कटा हुआ तो नहीं है। अगर शुरुआत में ही समस्या पकड़ ली जाए, तो बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।


एंट्री पॉइंट को बंद करना भी जरूरी

चूहे कार में छोटे-छोटे छेद या गैप से घुसते हैं। इसलिए जरूरी है कि कार के नीचे, व्हील एरिया और इंजन के आसपास के गैप को चेक करें। अगर कहीं बड़ा गैप दिखे, तो मैकेनिक की मदद से उसे बंद करवाएं।


क्या चूहों से नुकसान बड़ा हो सकता है?

जी हां, चूहों का नुकसान बहुत बड़ा हो सकता है। वे कार की वायरिंग काट देते हैं, जिससे इलेक्ट्रिकल सिस्टम खराब हो सकता है। कई बार एयर फिल्टर, सीट और इंजन के हिस्से भी खराब हो जाते हैं। इससे मरम्मत का खर्च हजारों से लेकर लाखों तक पहुंच सकता है।


अगर कार में चूहे घुस जाएं तो क्या करें?

अगर आपको लगता है कि कार में चूहे घुस चुके हैं, तो तुरंत एक्शन लेना जरूरी है। सबसे पहले कार को अच्छी तरह साफ करें और इंजन की जांच करवाएं। जरूरत पड़े तो मैकेनिक से पूरी सर्विस करवाएं, ताकि कोई नुकसान छिपा न रह जाए। साथ ही, आगे से बचाव के लिए रिपेलेंट और सफाई का ध्यान रखें।


क्या कार इंश्योरेंस चूहों से हुए नुकसान को कवर करता है?

अक्सर लोग यह सोचते हैं कि अगर कार को चूहों ने नुकसान पहुंचाया, तो इंश्योरेंस उसका खर्च उठा लेगा। लेकिन हर पॉलिसी में ऐसा नहीं होता। कई मामलों में बेसिक इंश्योरेंस इस तरह के नुकसान को कवर नहीं करता। हालांकि, कुछ कंपनियां 'रॉडेंट डैमेज कवर' ऐड-ऑन के रूप में देती हैं, जिसे अलग से लेना पड़ता है। इसलिए कार इंश्योरेंस लेते समय इसकी शर्तों को ध्यान से समझना जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर आपको आर्थिक नुकसान न झेलना पड़े।


समय पर उठाए कदम

कार में चूहों की मौजूदगी के कुछ छोटे संकेत होते हैं, जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। जैसे अजीब सी बदबू आना, सीट के नीचे कागज या कपड़े के टुकड़े मिलना, या वायरिंग में हल्का नुकसान दिखना। ये शुरुआती संकेत होते हैं कि चूहे कार में घुस चुके हैं। अगर इन्हें समय पर पहचान लिया जाए और तुरंत सफाई और जांच कर ली जाए, तो बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।

कार को चूहों से बचाना कोई मुश्किल काम नहीं है, लेकिन इसके लिए थोड़ी सावधानी जरूरी है। सफाई, सही पार्किंग, नियमित इस्तेमाल और छोटे-छोटे उपाय अपनाकर आप अपनी कार को बड़े नुकसान से बचा सकते हैं। याद रहे, थोड़ी सी लापरवाही आपको हजारों रुपये का नुकसान दे सकती है, लेकिन थोड़ी सी सावधानी आपकी कार को पूरी तरह सुरक्षित रख सकती है।