बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल के नतीजों में NDA को एक बार फिर सत्ता की सीढ़ियां चढ़ता दिखाया गया है। 18 एजेंसियों के पोल ऑफ पोल्स के अनुसार 243 सीटों की विधानसभा में NDA को करीब 153 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि महागठबंधन को सिर्फ 85 सीटों पर सिमटता बताया जा रहा है। वहीं, अन्य के खाते में 5 सीटें जाने की संभावना जताई गई है।

 

पिछले चुनाव में NDA ने 125 और महागठबंधन ने 110 सीटें जीती थीं। इस बार के अनुमान के मुताबिक NDA को करीब 29 सीटों का फायदा हो सकता है, जबकि महागठबंधन को 27 सीटों का नुकसान झेलना पड़ सकता है। भाजपा को सबसे ज्यादा 75 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस 13 सीटों पर सिमटती दिख रही है। वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी पहली बार मैदान में उतरने के बावजूद कोई खास असर नहीं डाल पाई और उसे 3 से 5 सीटें मिलने की उम्मीद है।

 

बिहार में दो चरणों में मतदान हुआ था। पहले चरण में 121 सीटों पर 65% वोटिंग दर्ज की गई, जबकि दूसरे चरण में रिकॉर्ड 68.5% मतदान हुआ। मतगणना 14 नवंबर को होगी और इसी दिन तय होगा कि एग्जिट पोल्स की भविष्यवाणी कितनी सटीक बैठती है।

 

दिलचस्प बात यह है कि पिछले तीन विधानसभा चुनावों में एग्जिट पोल्स कई बार उलटे साबित हुए हैं। 2015 में अधिकतर सर्वे एजेंसियों ने NDA को बढ़त दी थी, लेकिन नतीजों में महागठबंधन ने साफ बहुमत हासिल किया। वहीं 2020 में जब ज्यादातर पोल्स ने RJD-कांग्रेस गठबंधन को बढ़त दी थी, तब नतीजों में NDA ने 125 सीटें जीतकर सरकार बना ली थी। ऐसे में इस बार भी एग्जिट पोल्स के सही या गलत होने का जवाब 14 नवंबर को ही मिलेगा।