ICC ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका के कुल 7 शहरों के 8 वेन्यू पर आयोजित होगा। 7 फरवरी से शुरू होकर यह 29 दिन तक चलेगा, जिसमें 55 मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार भारतीय टीम के विश्व विजेता कप्तान रोहित शर्मा को टूर्नामेंट का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।

 

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में ICC ने बताया कि ओपनिंग मैच 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। ग्रुप स्टेज में हर दिन तीन मुकाबले होंगे और फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान अगर नॉकआउट चरण में पहुंचता है तो उसके मैच श्रीलंका में करवाए जाएंगे।

 

20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा गया है। भारत अपने ग्रुप में अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया और पाकिस्तान के साथ है।

 

भारत और श्रीलंका में कुल 8 वेन्यू

 

भारत में अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में मैच होंगे। श्रीलंका में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम और सिनहले स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम के साथ कैंडी के मैदान को भी शामिल किया गया है। टीम इंडिया मुंबई, अहमदाबाद, दिल्ली और कोलंबो में मुकाबले खेलेगी।

 

भारत-पाकिस्तान मैच कोलंबो में क्यों रखा गया

 

BCCI और PCB के बीच पहले ही सहमति बन चुकी है कि दोनों टीमें एक-दूसरे के देश में नहीं खेलेंगी। इसी वजह से मल्टीनेशन इवेंट्स में मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर रखे जाते हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत-पाकिस्तान का मैच दुबई में हुआ था। इसलिए इस बार टी20 वर्ल्ड कप में यह मैच कोलंबो में होगा।

 

कठिन ग्रुप में अफगानिस्तान और बांग्लादेश

 

ग्रुप-सी और ग्रुप-डी को सबसे कठिन माना जा रहा है, क्योंकि इन दोनों ग्रुप में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। अफगानिस्तान और बांग्लादेश पहली बार इतने चुनौतीपूर्ण ग्रुप में उतरे हैं।

 

इटली पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में

 

यूरोपियन टीम इटली ने इतिहास रचते हुए पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में क्वालिफाई किया है। इसके अलावा अफगानिस्तान, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका ने पिछली बार सुपर-8 में पहुंचकर सीधे जगह बनाई है।

 

ग्रुप स्टेज 20 फरवरी तक

 

ग्रुप स्टेज 7 फरवरी से 19 फरवरी तक चलेगा और हर दिन तीन मैच होंगे। 20 फरवरी को सिर्फ एक मुकाबला खेला जाएगा। पहले चरण में कुल 40 मैच होंगे। 21 फरवरी से सुपर-8 शुरू होगा, जहां 12 मुकाबले होंगे।


4 मार्च को पहला सेमीफाइनल कोलकाता में होगा और अगर पाकिस्तान क्वालिफाई करता है तो यह मैच कोलंबो में शिफ्ट किया जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई में होगा। फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद में निर्धारित है, लेकिन पाकिस्तान पहुंचा तो फाइनल भी कोलंबो में खेला जाएगा।

 

इस साल एशिया कप में तीन बार भिड़े भारत-पाकिस्तान

 

सितंबर में हुए एशिया कप में दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आईं और तीनों बार भारत ने जीत दर्ज की। फाइनल में भी भारत ने पाकिस्तान को हराया था। उसी टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की ऑन-फील्ड प्रतिक्रिया, जैसे हारिस रऊफ का 'प्लेन गिराने' वाला इशारा और फरहान का 'गन सेलिब्रेशन', काफी चर्चा में रहा था।
फाइनल के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने PCB चीफ से ट्रॉफी लेने से भी इनकार कर दिया था।

 

टी20 वर्ल्ड कप का इतिहास

 

2007 में शुरू हुए शुरुआती एडिशन में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। भारत ने 2024 में दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने भी दो-दो बार खिताब जीता है। पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका ने एक-एक बार जीत हासिल की है।