सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रविवार का दिन अभिषेक शर्मा के नाम रहा। पंजाब के कप्तान ने बंगाल के खिलाफ 148 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए टी 20 क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में अर्धशतक और 32 गेंदों में शतक पूरा कर धूम मचा दी। यह पुरुष टी 20 क्रिकेट में तीसरा सबसे तेज और भारतीय बल्लेबाजों में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है।

 

अभिषेक ने 425 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 12 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों के साथ फिफ्टी पूरी की। इसके बाद उन्होंने 32 गेंद में 8 चौके और 16 छक्कों की मदद से अपना ताबड़तोड़ शतक जड़ा। 52 गेंद की इस पारी में उन्होंने कुल 148 रन बनाए और अंत में आउट हुए। उनकी बल्लेबाजी के दम पर पंजाब ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 310 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मुकाबला हैदराबाद में खेला गया।

 

पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने भी 70 रन की शानदार पारी खेली। रमनदीप सिंह ने 15 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे। सनवीर सिंह ने 8 गेंद पर 22 रन का योगदान दिया।

 

पुरुष टी 20 में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड नेपाल के दिपेंद्र सिंह ऐरी के नाम है, जिन्होंने सितंबर 2023 में एशियन गेम्स में मंगोलिया के खिलाफ सिर्फ 9 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। भारत के अशुतोष शर्मा 11 गेंदों की फिफ्टी के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

 

अभिषेक ने 12 गेंद पर फिफ्टी लगाकर युवराज सिंह के खास क्लब में भी जगह बना ली। युवराज ने 2007 टी 20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड की 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाते हुए 12 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया था। घरेलू क्रिकेट में अभिषेक यह कारनामा करने वाले पांचवें बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले क्रिस गेल ने 2016 के BBL में यह उपलब्धि हासिल की थी।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग XI


पंजाब: अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, अनमोलप्रीत सिंह, नेहाल वढेरा, सनवीर सिंह, नमन धीर, रमनदीप सिंह, गुरनूर बराड़, मयंक मारकंडे, हरप्रीत बराड़, अश्वनी कुमार।
बंगाल: अभिमन्यु ईश्वरन, अभिषेक पोरेल, करण लाल, शाकिर हबीब गांधी, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, रितिक चटर्जी, प्रदीप्त प्रमाणिक, सक्षम चौधरी, मोहम्मद शमी, आकाश दीप।