IPL Auction 2026: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर, कैमरन ग्रीन (Cameron Green) ने अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड हासिल किया है। वो अब आईपीएल में अब तक के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा वो आईपीएल इतिहास में तीसरे सबसे महंगे प्लेयर बन गए हैं।

 

Indian Premier League (IPL) 2026 के लिए आज से शुरू हुए ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। आईपीएल ऑक्शन में केकेआर, सीएसके और आरआर के बीच हुई कड़ी बिडिंग के बाद यह रिकॉर्ड बोली लगी, जिससे टी20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर की अहमियत का पता चलता है। 

 

आईपीएल नीलामी में कैमरन ग्रीन का नाम आते ही तीन टीमें तुरंत बोली लगाने के लिए आगे आईं और देखते ही देखते कीमत आसमान छू गई। मुंबई इंडियंस ने बोली की शुरुआत की, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स भी तुरंत बोली में शामिल हो गईं। मुंबई इंडियंस, जिसके पास सिर्फ 2.75 करोड़ रुपये थे, को जल्द ही बोली की दौड़ से बाहर होना पड़ा, जबकि केकेआर और राजस्थान रॉयल्स ने बोली जारी रखी।

 

जब राजस्थान रॉयल्स के नीलामी से हटने के बाद केकेआर ने कैमरून ग्रीन को 13.20 करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश की, तभी चेन्नई सुपर किंग्स भी बोली में शामिल हो गई और नीलामी में उनकी कीमत लगातार बढ़ती गई। आखिरकार, केकेआर ने बाजी मार ली।

 

परफॉर्मेंस के कारण लगी बोली

 

अपनी नई फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए, कैमरन ग्रीन सिर्फ एक प्रमुख विदेशी खिलाड़ी से कहीं बढ़कर हैं, क्योंकि वे एक ऑल राउंडर क्रिकेटर हैं जो बल्ले, गेंद या फील्डिंग से मैच की दिशा बदल सकते हैं।

 

टॉप ऑर्डर में उनकी सटीक बल्लेबाजी, शांत फिनिशिंग क्षमता और मुश्किल ओवरों में गेंदबाजी करने की उनकी कुशलता उन्हें आईपीएल में काफी अनमोल बनाती है। ग्रीन ने हाई प्रेशर मैच में शानदार प्रदर्शन कर भरोसा कमाया है जिसे टीमें आईपीएल ऑक्शन में बहुत महत्व देती हैं। गेंदबाज़ी में भी कैमरन ग्रीन दाएं हाथ से स्थिर गति से मीडियम फास्ट की ओवर फेंकते हैं, जो पावरप्ले या उसके तुरंत बाद खास तौर से उपयोगी होती हैं।

 

उनकी लंबाई उन्हें धीमी पिचों पर भी उछाल का लाभ उठाने में मदद करती है, जिससे वे डॉट गेंदों के माध्यम से दबाव बनाते हैं और बल्लेबाजों को गलतियां करने पर मजबूर करते हैं।

 

Cameron Green Stats

 

कैमरन ग्रीन ने 63 टी20 मैच खेले हैं और 57 पारियों में 1,334 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 100 रन नाबाद है। उनका औसत 33.35 और स्ट्राइक रेट 151.07 है। इस दौरान उन्होंने 111 चौके और 63 छक्के जड़े हैं जो निरंतरता और विस्फोटक बल्लेबाजी को दिखाता है। ये ऐसे आंकड़े हैं जो हर आईपीएल ऑक्शन में टीमों को अपनी खर्च सीमा बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं, क्योंकि टी20 में इस स्तर का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आसानी से नहीं मिलते।