क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साल 2025 के लिए टेस्ट क्रिकेट की बेस्ट प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज यह रहा कि ऑस्ट्रेलिया के दो सबसे मजबूत स्तंभ कप्तान पैट कमिंस और दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को जगह नहीं मिली। जबकि कमिंस मौजूदा टेस्ट कप्तान हैं और स्मिथ ने 2025 में जरूरत पड़ने पर टीम की कप्तानी भी संभाली थी। हालांकि टेस्ट XI में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व ऑस्ट्रेलिया का ही रहा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कुल चार ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को चुना है मिचेल स्टार्क, ट्रेविस हेड, एलेक्स कैरी और स्कॉट बोलैंड।
इस टीम में विकेटकीपर के रूप में ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी को शामिल किया गया है। कैरी ने इस साल 11 टेस्ट मैचों में 47.93 की औसत से 767 रन बनाए हैं। इसके अलावा, विकेटकीपर के रूप में उन्होंने 44 कैच पकड़े और 5 स्टंपिंग की हैं। वहीं, इस टीम में बेन स्टोक्स एकमात्र ऑलराउंडर के तौर पर चुने गए हैं। स्टोक्स ने इस साल टेस्ट क्रिकेट में 496 रन बनाए और 33 विकेट भी लिए हैं।
भारतीय क्रिकेट के लिए यह अच्छी खबर रही कि तीन खिलाड़ियों को इस टेस्ट इलेवन में जगह मिली। केएल राहुल, शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह को चुना गया है, जबकि रवींद्र जडेजा को टीम का 12वां खिलाड़ी बनाया गया है। इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका से दो-दो खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड की ओर से जो रूट और बेन स्टोक्स चुने गए हैं, जबकि साउथ अफ्रीका से कप्तान टेंबा बावुमा और स्पिनर साइमन हार्मर को जगह मिली है। टीम की कप्तानी टेंबा बावुमा को सौंपी गई है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की इस टेस्ट XI में केएल राहुल और ट्रेविस हेड ओपनिंग करेंगे। जो रूट को नंबर तीन और शुभमन गिल को नंबर चार पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी दी गई है। गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क, जसप्रीत बुमराह और स्कॉट बोलैंड तेज आक्रमण की अगुवाई करेंगे। टीम में केवल एक स्पिनर को शामिल किया गया है।









