भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के शुरुआती 3 मुकाबलों से बाहर कर दिया गया। ये सीरीज भारत के लिए वर्ल्ड कप से पहले आखिरी अहम तैयारी मानी जा रही है।

 

टी20 का 3 मैचों से इसलिए बाहर हुए तिलक वर्मा

 

दरअसल, तिलक वर्मा विजय हजारे ट्रॉफी में हैदराबाद की ओर से खेल रहे थे, इसी दौरान उन्हें अचानक तेज दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में टेस्टिकुलर टॉर्शन की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने तुरंत उनकी सर्जरी की, जो सफल रही। फिलहाल तिलक की हालत स्थिर है, लेकिन मेडिकल टीम ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है।

 

बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, तिलक वर्मा को पूरी तरह फिट होने में थोड़ा समय लगेगा, इसी वजह से उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले 3 टी20 मुकाबलों में नहीं उतारा जाएगा। चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट उनकी रिकवरी पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अगर वे तय समय में फिट हो जाते हैं, तो सीरीज के आखिरी 2 मैचों में उनकी वापसी संभव है।

 

तिलक वर्मा टी20 टीम का अहम हिस्सा

 

तिलक वर्मा पिछले कुछ समय से भारत की टी20 टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उनकी स्थिर बल्लेबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता टीम के लिए काफी फायदेमंद है। ऐसे में उनका बाहर होना टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है।

 

न्यूजीलैंड के खिलाफ ये सीरीज इसलिए भी खास है क्योंकि इसके जरिए टीम इंडिया अपने संयोजन और रणनीति को अंतिम रूप देना चाहती है। तिलक की गैर-मौजूदगी में टीम प्रबंधन को मध्यक्रम में नए विकल्पों को आजमाने का मौका मिलेगा। टी20 वर्ल्ड कप नजदीक होने के कारण अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि तिलक वर्मा कितनी जल्दी फिट होकर मैदान पर वापसी करते हैं।