टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई की घोषणा की। धवन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर फैंस को इसकी जानकारी दी। दोनों कुछ समय से रिलेशनशिप में थे और मई 2025 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। पिछले साल पहली बार धवन और सोफी को दुबई में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी मैच के दौरान साथ में देखा गया। जिस दौरान शिखर धवन ने इशारों ही इशारों में दोबारा प्यार मिलने की बात कही थी।
जिसके बाद कई बार दोनों साथ में देखे गए थे। यहां तक कि IPL के दौरान शिखर जब पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे थे तो सोफी उनकी टीम को सपोर्ट करती हुईं पाई गई थीं।
शिखर धवन ने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ सगाई की खुशखबरी साझा करते हुए लिखा कि मुस्कान से लेकर सपनों तक, सब कुछ साझा करते हुए। हमारी सगाई के लिए मिले प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए आभारी हूं। हम हमेशा के लिए एक-दूसरे का साथ चुन रहे हैं।
कौन हैं शिखर धवन की गर्लफ्रैंड सोफी शाइन ?
आयरलैंड निवासी सोफी शाइन धवन से पहली बार तब मिली थी तब UAE में जॉब करती थीं। वे अमेरिका की फाइनेंशियल सर्विस कंपनी नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉरपोरेशन में सेकेंड वाइस प्रेसिडेंट (प्रोडक्ट कंसल्टेंट) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आयरलैंड से लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की। शिखर धवन की गर्लफ्रैंड की शुरुआती शिक्षा कैसलरॉय कॉलेज से पूरी हुई है। सोफी, धवन के इंस्टाग्राम पर आने वाले कई मजेदार वीडियो में भी नजर आती रहती हैं।
जल्द हो सकती है दोनों की शादी
सूत्रों के मुताबिक, क्रिकेटर शिखर धवन और उनकी गर्लफ्रैंड सोफी शाइन जल्द इसी साल फरवरी में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। बता दें, दोनों की पहली मुलाकात UAE में हुई थी। तलाक के बाद क्रिकेटर शिखर धवन मुश्किल दौर से गुजर रहे थे। पिछले साल एक इंटरव्यू में भी शिखर धवन ने तलाक के बाद उस मुश्किल दौर को लेकर खुलकर बात की थी। धवन और उनकी पूर्व पत्नी आयशा मुखर्जी का अक्टूबर 2023 में तलाक हो गया था। आयशा की पहले की शादी से दो बेटियां हैं। धवन के साथ उन्होंने बेटे जोरावर को जन्म दिया था। शिखर कहते हैं कि वे लंबे समय से अपने बच्चे से भी नहीं मिल पाए।









