IPL में हर साल कुछ ऐसे पल सामने आते हैं जो मैच से ज्यादा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाते हैं। इस बार विवाद के केंद्र में हैं दिल्ली कैपिटलस्  के कप्तान अक्षर पटेल। पंजाब किंग्स के खिलाफ हुए मुकाबले में दिल्ली ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन मैच के दौरान अक्षर पटेल के एक 'ड्रॉप कैच' का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर फिक्सिंग के आरोपों की बाढ़ आ गई। 

कुछ यूजर्स ने तो सीधे-सीधे IPL को 'स्क्रिप्टेड' तक कहना शुरू कर दिया। हालांकि जब पूरे मामले की सच्चाई सामने आई तो कहानी कुछ और ही निकली। दरअसल वायरल वीडियो में जो दिख रहा था, उसके पीछे क्रिकेट का एक अहम नियम था जिसे बहुत से लोग समझ नहीं पाए। 

 

आखिर हुआ क्या था?

यह पूरा मामला पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटलस्  के बीच खेले गए IPL 2026 मुकाबले का है। मैच के शुरुआती ओवर में पंजाब किंग्स के बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने एक शॉट खेला जो सीधे अक्षर पटेल की तरफ गया। वीडियो में ऐसा लगा जैसे अक्षर ने बेहद आसान कैच छोड़ दिया हो। 

बस फिर क्या था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ यूजर्स ने लिखा कि 'इतना आसान कैच कोई कैसे छोड़ सकता है?' तो कुछ ने इसे 'कुछ गड़बड़' करार दे दिया। लेकिन वीडियो का सिर्फ छोटा हिस्सा वायरल हुआ था। असली कहानी पूरी क्लिप देखने पर समझ आती है।

 

फ्री हिट ने बदल दी पूरी कहानी

दरअसल जिस गेंद पर यह कैच गया था, वह फ्री हिट qडिलीवरी थी। उससे पहले बॉलर आकिब नबी ने नो-बॉल फेंकी थी। क्रिकेट के नियम के मुताबिक नो-बॉल के बाद अगली गेंद फ्री हिट होती है और उस पर बल्लेबाज सामान्य तरीके से आउट नहीं हो सकता। 

यानी अगर अक्षर पटेल वह कैच पकड़ भी लेते, तब भी बल्लेबाज आउट नहीं माना जाता। अधिकतम दिल्ली की टीम को सिर्फ रन रोकने का फायदा मिलता। यही वजह थी कि अक्षर पटेल ने उस गेंद पर कैच लेने के लिए ज्यादा जोखिम नहीं लिया। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप में यह पूरा संदर्भ गायब था। लोगों ने सिर्फ इतना देखा कि खिलाड़ी ने आसान कैच नहीं पकड़ा और तुरंत फिक्सिंग की बातें शुरू हो गईं।

 

सोशल मीडिया ट्रायल कितना खतरनाक?

आज के दौर में कुछ सेकंड का वीडियो पूरी कहानी बदल देता है। कई बार लोग बिना पूरा मैच देखे या नियम समझे ही निष्कर्ष निकाल लेते हैं। अक्षर पटेल के मामले में भी यही हुआ। कुछ यूजर्स ने IPL को 'स्क्रिप्टेड लीग' तक कह दिया। किसी ने लिखा कि 'कुछ तो गड़बड़ है', तो किसी ने सीधे मैच फिक्सिंग के आरोप लगा दिए। हालांकि क्रिकेट विशेषज्ञों ने बाद में साफ किया कि इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं था। यह सिर्फ क्रिकेट नियमों और मैच सिचुएशन को समझने का मामला था। लेकिन तब तक वीडियो लाखों बार शेयर हो चुका था।

 

 

IPL और फिक्सिंग का पुराना रिश्ता

IPL में फिक्सिंग शब्द नया नहीं है। 2013 में स्पॉट फिक्सिंग विवाद ने पूरी लीग को हिला दिया था। उस समय राजस्थान रॉयल्स के कुछ खिलाड़ियों पर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे और मामला काफी बड़ा बन गया था। 

इसके बाद BCCI ने एंटी करप्शन नियम काफी सख्त किए। Mudgal Committee जैसी जांच समितियां बनीं और कई नियम बदले गए। यही वजह है कि आज भी जब मैदान पर कोई अजीब घटना होती है तो लोग तुरंत उसे फिक्सिंग से जोड़ने लगते हैं। हालांकि हर गलती या हर अजीब दिखने वाला पल फिक्सिंग नहीं होता।

 

अक्षर पटेल के लिए मुश्किल सीजन

वैसे अक्षर पटेल के लिए IPL 2026 का सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। दिल्ली कैपिटलस्  के कप्तान के तौर पर उन पर काफी दबाव रहा। टीम कई करीबी मुकाबले हार चुकी है और फील्डिंग भी टीम की बड़ी कमजोरी रही है। 

कुछ दिन पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ ही मैच हारने के बाद अक्षर ने खुद माना था कि खराब फील्डिंग और ड्रॉप कैच टीम की हार की वजह बने। उन्होंने कहा था कि अगर गेंदबाजों को सपोर्ट नहीं मिलेगा तो बड़े स्कोर भी बचाना मुश्किल होगा। यानी जिस खिलाड़ी ने पहले खुद ड्रॉप कैच पर अपनी टीम की आलोचना की थी, उसी पर अब सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे।

 

BCCI ने लगाया 12 लाख का जुर्माना

अक्षर पटेल को अनुशासन के मोर्चे पर झटका जरूर लगा है। BCCI ने दिल्ली कैपिटलस् पर स्लो ओवर रेट के लिए कार्रवाई की है। सीजन का यह पहला अपराध होने की वजह से कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। 

दरअसल IPL में हर टीम को तय समय के भीतर अपने ओवर पूरे करने होते हैं। अगर टीम इसमें देरी करती है तो कप्तान पर जुर्माना लगाया जाता है। दिल्ली कैपिटलस्  मैच के दौरान तय समय से पीछे चल रही थी, जिसके बाद मैच रेफरी ने यह कार्रवाई की।

 

दिल्ली ने दर्ज की शानदार जीत

विवादों के बीच यह भी नहीं भूलना चाहिए कि दिल्ली कैपिटलस् ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। 211 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने मैच जीत लिया और प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं। 

अक्षर पटेल ने खुद भी कप्तानी पारी खेली और सिर्फ 30 गेंदों में 56 रन बनाए। डेविड मिलर ने भी अहम योगदान दिया। लेकिन सोशल मीडिया का दौर ऐसा है कि कई बार शानदार प्रदर्शन से ज्यादा एक छोटा विवाद सुर्खियां बन जाता है।

 

IPL में हर चीज को शक की नजर से देखना सही है?

क्रिकेट में गलतियां होना सामान्य बात है। बड़े-बड़े खिलाड़ी आसान कैच छोड़ चुके हैं। कई बार खिलाड़ी मैच सिचुएशन देखकर फैसला लेते हैं जो टीवी पर देखने वालों को अजीब लग सकता है। लेकिन हर घटना को फिक्सिंग से जोड़ देना खिलाड़ियों के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। सोशल मीडिया ट्रायल में अक्सर पूरा संदर्भ गायब हो जाता है और लोग बिना तथ्य जांचे राय बना लेते हैं। अक्षर पटेल के मामले में भी यही हुआ। एक वायरल क्लिप ने पूरी कहानी बदल दी, जबकि असलियत क्रिकेट के नियमों से जुड़ी थी।

 

फैंस को भी समझनी होगी जिम्मेदारी

IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीगों में से एक है। करोड़ों लोग इसे देखते हैं और हर छोटी घटना पर चर्चा होती है। लेकिन फैंस की भी जिम्मेदारी है कि किसी खिलाड़ी पर गंभीर आरोप लगाने से पहले पूरी जानकारी समझें। क्योंकि कभी-कभी जो कैमरे पर दिखता है, असली कहानी उससे बिल्कुल अलग होती है। और अक्षर पटेल का यह वायरल 'ड्रॉप कैच' उसी का सबसे बड़ा उदाहरण बन गया है।