मेक्सिको की फातिमा बोश फर्नांडेज ने मिस यूनिवर्स 2025 का ताज अपने नाम कर लिया। 25 वर्षीय फातिमा ने फिनाले में बेहतरीन प्रदर्शन किया और टॉप 5 में जगह बनाने के बाद अंतिम राउंड में बाजी मार ली। भारत का प्रतिनिधित्व कर रही मणिका विश्वकर्मा मजबूत शुरुआत के साथ टॉप 30 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं।
फिनाले के चार राउंड पूरे होने के बाद थाइलैंड की प्रवीनर सिंह, फिलीपींस की आतिसा मनालो, वेनेजुएला की स्टेफनी अबसाली, मेक्सिको की फातिमा बोश और कोट दी'वोआर की ओलिविया यासे टॉप 5 में पहुंचीं। क्राउनिंग मिस यूनिवर्स 2024 रही विक्टोरिया थेलविग ने की।
दूसरे स्थान पर थाइलैंड की प्रवीनर सिंह रहीं, जबकि तीसरा स्थान वेनेजुएला की स्टेफनी अबसाली के नाम रहा। फिलीपींस की आतिसा मनालो चौथे और कोट दी'वोआर की ओलिविया यासे पांचवे स्थान पर रहीं।
टॉप 5 के सवाल-जवाब राउंड में फातिमा से पूछा गया कि एक महिला होने के नाते 2025 में सबसे बड़ी चुनौती क्या है और अगर वे मिस यूनिवर्स बनती हैं तो दुनिया भर की महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के लिए क्या कदम उठाएंगी। फातिमा ने कहा कि एक महिला और मिस यूनिवर्स के रूप में वे अपनी आवाज और शक्ति दूसरों की भलाई के लिए इस्तेमाल करेंगी, क्योंकि परिवर्तन वही महिलाएं लाती हैं जो हिम्मत से आगे बढ़ती हैं।
फिनाले से पहले फातिमा विवादों में भी रहीं। सैश सेरेमनी के दौरान मिस यूनिवर्स थाइलैंड के डायरेक्टर नवात इतसराग्रिसिल ने उन पर प्रमोशनल इवेंट में शामिल न होने का आरोप लगाते हुए उन्हें डंबहेड कहा था। विरोध करने पर उन्हें बाहर भेजने की कोशिश की गई। यह देखकर सभी कंटेस्टेंट्स ने सेरेमनी का बहिष्कार कर दिया। विवाद बढ़ने पर मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन ने नवात को आधिकारिक गतिविधियों से हटाने का फैसला लिया। नवात ने बाद में माफी मांगी और कहा कि उन्होंने डंब शब्द का इस्तेमाल नहीं किया।
मिस यूनिवर्स 2025 में भारत की मणिका विश्वकर्मा ने शुरुआत से आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन किया। उन्होंने इंट्रोडक्शन और स्विमसूट राउंड में बेहतरीन प्रस्तुति दी लेकिन टॉप 12 में स्थान नहीं मिला। फिनाले से एक दिन पहले मिस जमैका डॉ गैब्रिएल हेनरी मंच से गिर गई थीं, जिन्हें बाद में अस्पताल ले जाया गया।
इस बार की प्रतियोगिता कई विवादों से घिरी रही। थाई पुलिस ने शिकायत के बाद उस होटल पर छापा मारा जहां कंटेस्टेंट्स रुकी थीं। आरोप था कि उनसे अवैध सट्टेबाजी एप का प्रमोशनल वीडियो शूट कराया जा रहा है। इसके अलावा शो से पहले एक डिनर इवेंट भी विवादों के चलते रद्द किया गया।
फिनाले से कुछ दिन पहले तीन जजों ने भी इस्तीफा दे दिया। फ्रेंच लेबनानी पियानिस्ट ओमर हारफूश ने आरोप लगाया कि एक सीक्रेट कमेटी ने टॉप 30 अपने हिसाब से चुना है। हालांकि मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन ने इसे बेबुनियाद बताया।
मिस यूनिवर्स से जुड़े कुछ तथ्य भी दिलचस्प रहे। थाइलैंड तीसरी बार मिस यूनिवर्स की मेजबानी कर रहा है। मिस यूनिवर्स की शुरुआत आधिकारिक रूप से 1952 में हुई थी। अमेरिका इस प्रतियोगिता में अब तक सबसे अधिक 9 खिताब जीत चुका है। साल 2012 में पहली बार ट्रांसजेंडर महिलाओं को भी प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिला।