शेयर बाजार ने मंगलवार 27 नवंबर को जबरदस्त तेजी के साथ शुरुआत की और 14 महीने बाद ऑलटाइम हाई को छू लिया। कारोबार के दौरान निफ्टी 26,310 तक पहुंचा, जबकि सेंसेक्स 86,055 के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। हालांकि दिन के अंत में मार्केट इस ऊंचाई को कायम नहीं रख सका।
सेंसेक्स अपने रिकॉर्ड स्तर से 335 अंक फिसलकर 85,720 पर बंद हुआ। निफ्टी भी मामूली बढ़त के साथ 26,215 पर बंद हुआ। ऑटो, फाइनेंस और बैंकिंग सेक्टर में तेजी देखने को मिली, वहीं IT और रियल्टी सेक्टर में गिरावट रही।
तेजी की वजह क्या रही
स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट प्रवीश गौर ने बताया कि आज की तेजी का मुख्य कारण ग्लोबल मार्केट में मजबूती है। एशियाई बाजारों में बढ़त देखने को मिली और वॉल स्ट्रीट भी कल रात पॉजिटिव क्लोज हुआ। इसी ग्लोबल सेंटिमेंट ने भारतीय बाजार को सपोर्ट दिया।
इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की संभावित ब्याज दर कटौती को लेकर उत्साह भी बाजार के लिए सकारात्मक ट्रिगर साबित हुआ। तीन दिनों की लगातार गिरावट के बाद आज शॉर्ट कवरिंग भी देखने को मिली जिसने तेजी को और बढ़ाया।
ग्लोबल मार्केट का हाल
एशियाई बाजार
कोरिया का कोस्पी 0.66% चढ़कर 3,986 पर बंद हुआ। जापान का निक्केई 1.23% चढ़कर 50,167 पर बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार
26 नवंबर को डाउ जोन्स 0.67% बढ़कर 47,427 पर बंद हुआ। नैस्डेक में 0.82% और S&P में 0.69% की बढ़त रही।
घरेलू निवेशकों का दबदबा
26 नवंबर को विदेशी निवेशक यानी FIIs ने ₹4,969 करोड़ के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DIIs ने ₹5,984 करोड़ की खरीदारी की। नवंबर में अब तक FIIs ने ₹12,449 करोड़ की भारी बिकवाली की है, जबकि DIIs ने ₹68,994 करोड़ की जबरदस्त खरीदारी की है। इससे साफ है कि बाजार को घरेलू निवेशकों का मजबूत सपोर्ट मिल रहा है।
कल भी दिखी थी तेजी
26 नवंबर को भी मार्केट में जोरदार उछाल रहा था। सेंसेक्स 1023 अंक चढ़कर 85,610 पर बंद हुआ था और निफ्टी 321 अंक की उछाल के साथ 26,205 पर बंद हुआ था।









