अक्सर लोगों के साथ ऐसा होता है कि मॉल या शोरूम में कोई ड्रेस, जींस या टी-शर्ट ट्रायल रूम में बेहद शानदार लगती है। कपड़ा पहनते ही लगता है कि बस यही खरीदना है। लेकिन वही कपड़ा जब घर आकर दोबारा पहनते हैं तो उसका लुक वैसा नहीं लगता। कभी फिटिंग अजीब लगती है, कभी रंग उतना अच्छा नहीं दिखता और कभी खुद का पूरा लुक ही अलग महसूस होने लगता है। तब दिमाग में यही सवाल आता है कि आखिर ट्रायल रूम में ऐसा क्या जादू होता है? 

असल में यह सिर्फ कपड़ों का फर्क नहीं होता, बल्कि इसके पीछे पूरा साइकोलॉजी और मार्केटिंग का खेल होता है। बड़े-बड़े ब्रांड और रिटेल स्टोर ट्रायल रूम को इस तरह डिजाइन करते हैं कि ग्राहक खुद को ज्यादा अच्छा महसूस करे और खरीदारी करने के लिए जल्दी तैयार हो जाए।

 

सबसे बड़ा खेल होता है लाइटिंग का

अगर आपने ध्यान दिया हो तो ज्यादातर ट्रायल रूम में रोशनी सामान्य घरों जैसी नहीं होती। वहां खास तरह की वॉर्म लाइटिंग लगाई जाती है। ये लाइटें चेहरे और शरीर पर पड़ने वाली शैडो को कम करती हैं और स्किन को ज्यादा ग्लोइंग दिखाती हैं। घर में अक्सर सफेद ट्यूबलाइट या ऊपर से आने वाली तेज रोशनी होती है, जिससे चेहरे और शरीर की हर छोटी चीज ज्यादा साफ नजर आने लगती है। वहीं ट्रायल रूम की सॉफ्ट लाइटिंग कपड़ों के रंग को ज्यादा रिच और प्रीमियम दिखाती है। कई स्टोर्स में तो ऐसी लाइटिंग लगाई जाती है जो स्किन टोन को स्मूद दिखाए और कपड़ों के टेक्सचर को ज्यादा आकर्षक बनाए। इसी वजह से ट्रायल रूम में कपड़े ज्यादा महंगे और स्टाइलिश महसूस होते हैं।

 

शीशा भी करता है बड़ा खेल

बहुत लोग सोचते हैं कि शीशा तो शीशा होता है, उसमें फर्क कैसा? लेकिन असलियत इससे अलग है। कई मॉल और ब्रांडेड स्टोर्स ऐसे मिरर इस्तेमाल करते हैं जिन्हें थोड़ा झुकाकर लगाया जाता है। इससे शरीर लंबा और थोड़ा स्लिम दिखाई देता है। 

कुछ एक्सपर्ट इन्हें स्किनी मिरर कहते हैं। इनमें देखने पर व्यक्ति खुद को वास्तविकता से थोड़ा ज्यादा फिट महसूस करता है। यही कारण है कि ट्रायल रूम में कई लोगों को लगता है कि उनका वजन कम दिख रहा है या कपड़े ज्यादा अच्छे फिट हो रहे हैं। हालांकि हर स्टोर ऐसा नहीं करता, लेकिन कई जगह मिरर को इस तरह सेट किया जाता है कि ग्राहक खुद को बेहतर महसूस करे। क्योंकि अगर ग्राहक खुद को अच्छा महसूस करेगा तो खरीदारी की संभावना भी बढ़ेगी। 

 

ट्रायल रूम का माहौल भी करता है असर

ट्रायल रूम सिर्फ कपड़े बदलने की जगह नहीं होता। बड़े ब्रांड इसे एक एक्सपीरियंस जोन की तरह डिजाइन करते हैं। वहां AC की ठंडक, हल्की खुशबू, साफ-सफाई और शांत माहौल रखा जाता है ताकि ग्राहक रिलैक्स महसूस करे।

जब इंसान बाहर की भीड़, गर्मी और शोर से निकलकर ऐसे आरामदायक माहौल में जाता है तो उसका मूड अपने आप अच्छा हो जाता है। साइकोलॉजी कहती है कि जब इंसान अच्छा महसूस करता है, तब वह फैसले जल्दी लेता है और चीजों को ज्यादा पॉजिटिव तरीके से देखता है।यानी ट्रायल रूम में सिर्फ कपड़े नहीं, बल्कि पूरा माहौल मिलकर आपके दिमाग को प्रभावित करता है।

 

मार्केटिंग का पूरा साइंस है इसके पीछे

रिटेल इंडस्ट्री में ट्रायल रूम को सबसे महत्वपूर्ण जगह माना जाता है। क्योंकि यही वह जगह होती है जहां ग्राहक देखने से खरीदने तक पहुंचता है। स्टोर्स जानते हैं कि अगर ग्राहक ट्रायल रूम तक पहुंच गया, तो खरीदारी की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसलिए वहां हर चीज सोच-समझकर डिजाइन की जाती है। लाइटिंग, मिरर, म्यूजिक, खुशबू, यहां तक कि दीवारों के रंग तक का चुनाव साइकोलॉजी के हिसाब से किया जाता है। कुछ लग्जरी स्टोर्स में तो मिरर ट्रायल रूम के बाहर लगाए जाते हैं ताकि सेल्स स्टाफ आपकी तारीफ कर सके और आपको खरीदने के लिए मोटिवेट कर सके। 

 

घर में क्यों बदल जाता है पूरा लुक?

घर पहुंचते ही वही कपड़े अचानक साधारण क्यों लगने लगते हैं? इसका सबसे बड़ा कारण है 'न्यूट्रल एनवायरनमेंट'। घर में न तो वैसी लाइटिंग होती है, न वैसा शीशे का सेटअप और न ही वैसा मूड।

घर के शीशे आमतौर पर सीधे लगे होते हैं और वहां रोशनी भी ज्यादा नैचुरल होती है। ऐसे में कपड़े और शरीर का वास्तविक लुक सामने आता है। कई बार ट्रायल रूम में हम सिर्फ कुछ मिनट के लिए कपड़े पहनते हैं, लेकिन घर पर लंबे समय तक पहनने पर असली कम्फर्ट और फिटिंग समझ आती है। तभी महसूस होता है कि कपड़ा उतना खास नहीं था जितना स्टोर में लग रहा था।

 

क्या ट्रायल रूम सच में धोखा देते हैं?

यह कहना पूरी तरह सही नहीं होगा कि हर ट्रायल रूम लोगों को धोखा देता है। कई ब्रांड सिर्फ बेहतर शॉपिंग एक्सपीरियंस देने के लिए अच्छी लाइटिंग और माहौल का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन यह भी सच है कि रिटेल इंडस्ट्री ग्राहकों को इमोशनली इंफ्लुएंस करने की कोशिश जरूर करती है। असल में ब्रांड चाहते हैं कि ग्राहक खुद को कॉन्फिडेंस के साथ देखे। क्योंकि जब इंसान खुद को अच्छा महसूस करता है, तब खरीदारी की संभावना बढ़ जाती है।

 

स्मार्ट शॉपिंग के लिए क्या करें?

अगर आप कपड़े खरीदते समय सही फैसला लेना चाहते हैं तो सिर्फ ट्रायल रूम के भरोसे न रहें। कपड़े पहनकर थोड़ा चलें, बैठें और अलग-अलग एंगल से खुद को देखें। अगर संभव हो तो ट्रायल रूम से बाहर निकलकर नॉर्मल लाइटिंग में भी कपड़े देखें। कई लोग अब घर पर कपड़े ट्राई करके फैसला लेना ज्यादा बेहतर मानते हैं। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स भी ट्राई एंड बाय जैसे फीचर्स इसलिए ला रहे हैं क्योंकि घर का माहौल ज्यादा रियल माना जाता है।

 

असली खेल हमारे दिमाग का भी है

दिलचस्प बात यह है कि ट्रायल रूम का असर सिर्फ आंखों पर नहीं, दिमाग पर भी होता है। जब हम किसी खूबसूरत, चमकदार और आरामदायक माहौल में खुद को देखते हैं तो हमारा कॉन्फिडेंस बढ़ जाता है। उसी कॉन्फिडेंस में हमें कपड़े ज्यादा अच्छे लगने लगते हैं।यानी कई बार कपड़े नहीं, बल्कि हमारा मूड और माहौल बदलता है। और यही ट्रायल रूम का सबसे बड़ा सीक्रेट माना जाता है।