इन दिनों सोशल मीडिया पर अगर सबसे ज्यादा किसी अजीब लेकिन वायरल नाम की चर्चा हो रही है, तो वह है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP। इंस्टाग्राम, एक्स और मीम पेजों पर अचानक यह नाम इतना वायरल हो गया कि लाखों लोग इसके बारे में जानने लगे। कई लोग इसे मजाक समझ रहे हैं, कुछ इसे युवाओं की नाराजगी की आवाज बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे इंटरनेट का नया पॉलिटिकल ट्रेंड मान रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि यह कोई पारंपरिक राजनीतिक पार्टी नहीं है। इसके पीछे न बड़े नेता हैं, न चुनावी रैलियां और न ही जमीन पर कोई बड़ा संगठन। फिर भी कुछ ही दिनों में इसने सोशल मीडिया पर ऐसा माहौल बना दिया कि बड़े-बड़े राजनीतिक दलों से ज्यादा इसकी चर्चा होने लगी। 

 

आखिर कैसे शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी शुरुआत उस समय हुई जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। कई लोगों ने दावा किया कि बेरोजगार युवाओं को ‘कॉकरोच’ और ‘पैरासाइट’ यानी परजीवी जैसा कहा गया। इसके बाद इंटरनेट पर गुस्सा और मीम्स दोनों शुरू हो गए। 

इसी माहौल के बीच अभिजीत दीपके नाम के एक डिजिटल स्ट्रैटेजिस्ट ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से सोशल मीडिया अकाउंट शुरू कर दिया। शुरुआत में यह सिर्फ व्यंग्य और मजाक के तौर पर बनाया गया था, लेकिन देखते ही देखते यह युवाओं की नाराजगी का डिजिटल प्लेटफॉर्म बन गया। 

 

सोशल मीडिया पर अचानक इतना वायरल कैसे हो गई?

आज के दौर में कोई चीज वायरल होने के लिए टीवी चैनलों की जरूरत नहीं पड़ती। अगर मीम्स, रील्स और इंटरनेट ह्यूमर लोगों को पसंद आ जाए तो कोई भी चीज कुछ घंटों में ट्रेंड बन सकती है। कॉकरोच जनता पार्टी के साथ भी यही हुआ।

इसके पोस्ट्स में बेरोजगारी, एग्जाम पेपर लीक, सिस्टम से नाराजगी और युवाओं की फ्रस्ट्रेशन को मीम्स और व्यंग्य के जरिए दिखाया गया। यही वजह रही कि जेन जेड और कॉलेज स्टूडेंट्स ने इसे तेजी से शेयर करना शुरू कर दिया। कुछ ही दिनों में इसके लाखों फॉलोअर्स हो गए। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स कई बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया अकाउंट्स से भी ज्यादा हो गए। 

 

‘मैं भी कॉकरोच’ क्यों बना ट्रेंड?

इस मूवमेंट का सबसे चर्चित स्लोगन रहा, ‘मैं भी कॉकरोच’। पहली नजर में यह अजीब लगता है, लेकिन इसके पीछे एक प्रतीकात्मक संदेश छिपा हुआ था। कई युवा कहने लगे कि सिस्टम उन्हें बार-बार दबाता है, नजरअंदाज करता है, फिर भी वे संघर्ष करके आगे बढ़ते रहते हैं। 

सोशल मीडिया पर लोगों ने खुद को ‘कॉकरोच’ कहकर मीम्स बनाए। कुछ लोगों ने इसे विरोध का नया तरीका बताया। युवाओं का कहना था कि अगर उन्हें अपमानजनक शब्दों से बुलाया जाएगा तो वे उसी शब्द को आंदोलन का प्रतीक बना देंगे। यही वजह है कि ‘मैं भी कॉकरोच’ कुछ ही समय में इंटरनेट ट्रेंड बन गया।

 

कौन हैं अभिजीत दीपके?

कॉकरोच जनता पार्टी के पीछे सबसे ज्यादा जिस नाम की चर्चा हुई, वह है अभिजीत दीपके। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पहले डिजिटल पॉलिटिकल कैंपेनिंग से जुड़े रहे हैं और सोशल मीडिया नैरेटिव बनाने में अनुभव रखते हैं। बताया गया कि उन्होंने इस पूरे मूवमेंट को इंटरनेट कल्चर और युवा भाषा के हिसाब से डिजाइन किया। यही कारण है कि इसके पोस्ट्स आम राजनीतिक भाषणों की तरह नहीं बल्कि मीम पेजों की तरह दिखे।विशेषज्ञ मानते हैं कि यही इसकी सबसे बड़ी ताकत रही। क्योंकि आज का युवा लंबे भाषणों से ज्यादा छोटे, मजेदार लेकिन चुभने वाले कंटेंट से जल्दी जुड़ता है।

 

क्या यह सच में राजनीतिक पार्टी है?

यह सवाल सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है। फिलहाल कॉकरोच जनता पार्टी कोई आधिकारिक चुनावी पार्टी नहीं है। इसे ज्यादा लोग एक डिजिटल सटायर मूवमेंट यानी व्यंग्यात्मक ऑनलाइन आंदोलन के रूप में देख रहे हैं। हालांकि इसकी वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक तरह का ‘मैनिफेस्टो’ भी शेयर किया गया, जिसमें बेरोजगारी, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े मुद्दों की बात की गई। यानी यह सिर्फ मजाक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धीरे-धीरे युवाओं की नाराजगी का प्रतीक बनने लगा।

 

ऑफलाइन भी दिखने लगा असर

शुरुआत पूरी तरह ऑनलाइन हुई थी, लेकिन बाद में इसका असर जमीन पर भी थोड़ा दिखने लगा। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि युवाओं ने “कॉकरोच” थीम के साथ सफाई अभियान तक चलाया। कुछ लोग कॉकरोच कॉस्ट्यूम पहनकर फोटो और वीडियो बनाने लगे। सोशल मीडिया पर इसकी टी-शर्ट्स और पोस्टर्स भी वायरल हुए। यानी यह सिर्फ इंटरनेट जोक नहीं रहा, बल्कि एक इंटरनेट कल्चर जैसा बन गया।

 

युवाओं के बीच इतना कनेक्ट क्यों कर गया?

असल में यह मूवमेंट ऐसे समय आया जब देश में बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर पहले से गुस्सा था। कई युवा महसूस कर रहे थे कि उनकी मेहनत के बावजूद उन्हें स्थिर भविष्य नहीं मिल पा रहा। 

कॉकरोच जनता पार्टी ने इन्हीं भावनाओं को मजाक और व्यंग्य के जरिए सामने रखा। शायद यही वजह रही कि लोग इससे जुड़ते चले गए। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा कि यह सिर्फ एक मीम नहीं बल्कि ‘इंटरनेट जनरेशन का विरोध’ है। 

 

विवाद भी शुरू हो गए

जहां कई लोग इसे युवाओं की आवाज बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे सिर्फ ‘सोशल मीडिया हाइप’ कह रहे हैं। कुछ आलोचकों का कहना है कि इंटरनेट ट्रेंड्स ज्यादा दिन नहीं चलते और यह भी कुछ समय बाद खत्म हो जाएगा। 

वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि मुख्य न्यायाधीश के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। बाद में एक्सप्लेनेशन भी सामने आया कि टिप्पणी सभी युवाओं के लिए नहीं थी। इसके बावजूद इंटरनेट पर यह बहस लगातार चल रही है।

 

क्या बदल रही है राजनीति की भाषा?

विशेषज्ञ मानते हैं कि कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बात साफ कर दी है, अब राजनीति सिर्फ रैलियों और भाषणों तक सीमित नहीं रही। इंटरनेट, मीम्स और सोशल मीडिया भी अब राजनीतिक अभिव्यक्ति का बड़ा माध्यम बन चुके हैं। आज का युवा गुस्सा भी मीम्स में दिखाता है और विरोध भी रील्स में करता है। यही कारण है कि कॉकरोच जनता पार्टी जैसी चीजें अचानक राष्ट्रीय चर्चा बन जाती हैं।

फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि यह ट्रेंड कुछ दिनों में खत्म हो जाएगा या आगे चलकर किसी बड़े युवा आंदोलन का रूप ले लेगा। लेकिन इतना जरूर है कि इसने यह दिखा दिया कि इंटरनेट की दुनिया अब सिर्फ मनोरंजन का प्लेटफॉर्म नहीं रही, बल्कि यहां से सामाजिक और राजनीतिक आवाजें भी तेजी से उठ सकती हैं।